Punjab: राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह (भज्जी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर खुद को ‘गद्दार’ कहे जाने पर सीधे आम आदमी पार्टी (AAP) के शीर्ष नेतृत्व को कटघरे में खड़ा करते हुए दावा किया है कि पंजाब की राज्यसभा सीटें भारी-भरकम रकम लेकर बेची गई थीं. हरभजन सिंह ने विरोधी ट्रोलर्स और पार्टी कार्यकर्ताओं को खुली चुनौती दी है कि यदि उनके लोगों ने सच नहीं उगला तो वे खुद जनता के सामने इस बात का पर्दाफाश करेंगे कि राज्यसभा टिकट के बदले किसको कितना चढ़ावा और किसकी तरफ से गया था.
पंजाब से लेकर दिल्ली तक की सियासत में भूचाल
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पंजाब से लेकर दिल्ली तक की सियासत में भूचाल आ गया है. इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब सोशल मीडिया पर देवेंदर यादव नाम के एक AAP कार्यकर्ता ने हरभजन सिंह को ‘गद्दार’ बताते हुए सीधे निशाना साधा. पोस्ट में हरभजन सिंह से तीखा सवाल पूछा गया था कि, “जिस नेता को आप दिन-रात गाली देते हैं, उसकी दी हुई राज्यसभा सीट से आपने इस्तीफा क्यों नहीं दिया? भाजपा में जाने की आपकी क्या मजबूरी थी?”
करोड़ों रुपये की बोली लगाए जाने के आरोप
इसके साथ ही सोशल मीडिया पर हरभजन सिंह पर करोड़ों रुपये की बोली लगाए जाने के आरोप भी मढ़े गए. इन आरोपों पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए हरभजन सिंह ने पलटवार किया और लिखा, “समय आने पर तुम्हारे एक-एक शब्द का जवाब दिया जाएगा. मैंने तुम्हारे किसी नेता को गाली नहीं दी है. मैं अपनी जुबान क्यों गंदी करूं?” इसके आगे हरभजन सिंह ने जो लिखा, उसने आम आदमी पार्टी की राजनीतिक शुचिता के दावों पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.
पंजाब की राज्यसभा सीट कितने में बेची
भज्जी ने सीधे तौर पर आप के टिकट वितरण और पंजाब सरकार के कामकाज को भ्रष्टाचार के घेरे में लेते हुए लिखा-मुझे गद्दार कहने वालों, पहले अपने लोगों से पूछो कि पंजाब की राज्यसभा सीट कितने में बेची गई थी. अगर वो ना बताएं तो मैं बताऊंगा कि किसको कितना चढ़ावा गया था और किसकी तरफ से गया था. पंजाब को लूटने और ‘लाला’ तक माल पहुंचाने के लिए कैसे किसको मंत्री-संतरी (या चौकीदार) बनाया गया. पंजाब को लूटा और खाया गया है.
पंजाब को लूटकर सारा माल ‘लाला’ तक पहुंचाया
हरभजन सिंह ने खुला आरोप लगाया है कि पंजाब कोटे की राज्यसभा सीटें बेची गई थीं. उन्होंने दावा किया कि उनके पास पूरी जानकारी है कि टिकट के लिए किसे, कितना और किसकी तरफ से पैसा दिया गया था. भज्जी ने आरोप लगाया कि पंजाब को लूटकर सारा माल ‘लाला’ (नेतृत्व के करीबियों) तक पहुंचाया जा रहा है. पंजाब कैबिनेट में मंत्रियों और संतरियों की नियुक्तियों को भी भ्रष्टाचार और लेन-देन से प्रेरित बताया. ‘आप’ कार्यकर्ता के राज्यसभा सीट न छोड़ने और गद्दारी करने के आरोपों पर भज्जी ने जुबान गंदी न करने की बात कहकर कड़ा रुख अपनाया.
अपनी सांसद सीट से क्यों नहीं दिया इस्तीफा
विवाद तब शुरू हुआ जब एक सोशल मीडिया यूजर ने हरभजन सिंह को ‘गद्दार’ कहते हुए सवाल उठाया कि जिस नेता के दम पर वह राज्यसभा पहुंचे, उसे छोड़कर बीजेपी में जाने के बाद भी उन्होंने अपनी सांसद सीट से इस्तीफा क्यों नहीं दिया. इस पर भज्जी ने तीखा पलटवार किया. हरभजन सिंह ने आरोप लगाया है कि पंजाब की राज्यसभा सीटें बेची गईं और पंजाब को लूटने के लिए मनमर्जी से लोगों को मंत्री-संतरी बनाया गया. उन्होंने यह भी दावा किया कि पंजाब को लूटकर माल ‘लाला’ तक पहुंचाया गया और वे जल्द ही इसके वित्तीय चढ़ावे का पूरा खुलासा करेंगे.
इसे भी पढ़ें. होर्मुज संकट से क्रूड $200 तक पहुंचने का खतरा, भारत भी होगा बुरी तरह प्रभावित, वुड मैकेंजी ने जारी की चेतावनी

