Chintpurni Car Accident: हिमाचल प्रदेश से सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यह हादसा जिला ऊना के चिंतपूर्णी हुआ. एक कार गहरी खाई में गिर गई और उसमें आग लग गई. इस दुर्घटना में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.
एक व्यक्ति का शव बाहर और दूसरे का कार में जला मिला
मिली जानकारी के अनुसार, भरवाईं से होशियारपुर रोड पर स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में गिर गई. गिरते ही कार में आग लग गई. दुर्घटनास्थल की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पर एक व्यक्ति का शव कार के बाहर पड़ा हुआ था, जबकि एक का शरीर कार के अंदर ही जल गया.
पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों से अभी तक इस कार में दो लोगों के मरने की ही पुष्टि हुई है. कार का नंबर पीबी-10-के-7531 पंजाब के लुधियाना का पंजीकृत है. गाड़ी में मिले आधार कार्ड में एक व्यक्ति का पता ताजपुर रोड लुधियाना पंजाब का है. हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि कार सवार कौन लोग थे, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि वे मां चिंतपूर्णी के दर्शन को आए थे और दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे.
जिस जगह यह दुर्घटना हुई है, वहां पर तीखा मोड़ हैं और गहरी उतराई है. कुछ वर्ष पूर्व यहां पर परिवहन निगम की बस भी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी. प्रशासन द्वारा सड़क के किनारे बेरिकेड्स लगाए गए हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि कार की गति काफी तेज रही होगी. बताया जा रहा है कि कार में आग लगने से पहले टायर में जोरदार धमाका हुआ था. ऐसे में यह भा कयास लगाया जा रहा है शायद टायर फटने से यह दुर्घटना हुई होगी.