Asian Games 2026: भारत ने 2026 एशियन गेम्स में अपने पदकों का खाता सिल्वर मेडल के साथ खोला है. शूटिंग में भारतीय महिला टीम ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. सोनम मस्कर, इलावेनिल वालारिवन और विदर्स विनोद की तिकड़ी ने फाइनल में कुल 1898.0 अंक हासिल किए। चीन ने 1904.2 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता.
कोरिया के साथ कड़ी टक्कर में थी भारतीय टीम
भारतीय टीम कोरिया के साथ कड़ी टक्कर में थी. कोरिया आखिरी समय तक पदक की दौड़ में बना रहा, लेकिन अंतिम सीरीज में चू येनबेयोल के खराब शॉट्स ने उसकी चुनौती कमजोर कर दी. इसका फायदा भारत को मिला और टीम ने सिल्वर पर कब्जा जमा लिया. भारत की ओर से सोनम मस्कर ने सबसे ज्यादा स्कोर किया. उन्होंने व्यक्तिगत क्वालीफिकेशन में 634.1 अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया. वहीं, इलावेनिल वालारिवन ने 633.5 अंकों के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया. भारतीय बेटियों के इस प्रदर्शन के साथ एशियन गेम्स में भारत का पदक अभियान शानदार अंदाज में शुरू हुआ.
यहां देखें स्कोर Asian Games 2026
- 1904.2 अंक — चीन 🥇 गोल्ड मेडल
- 1898.0 अंक — भारत 🥈 सिल्वर मेडल
- 1897.1 अंक — जापान 🥉 ब्रॉन्ज मेडल
- 1895.8 अंक — दक्षिण कोरिया, चौथे स्थान पर रहा.
भारत का शानदार आगाज
सोनम मस्कर, इलावेनिल वालारिवन और विदर्स विनोद ने शूटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2026 एशियन गेम्स में भारत के लिए आधिकारिक तौर पर पहला पदक जीत लिया है. हालांकि, भारत का पहला पदक इससे पहले ही पक्का हो चुका था. मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स फाइटर सूचिका तरियाल ने महिलाओं की 60 किलोग्राम स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित कर लिया था. शूटिंग में भारत ने 2026 एशियन गेम्स की शुरुआत शानदार अंदाज़ में की है. अब भारतीय एथलीटों की नजरें पिछले एशियाई खेलों के प्रदर्शन से आगे निकलने पर होंगी. 2022 के एशियाई खेलों में भारत ने कुल 22 पदक जीते थे। वहीं, शूटिंग में भारतीय निशानेबाजों ने 7 गोल्ड, 9 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज समेत कुल 22 पदक अपने नाम किए थे। इस बार भी भारतीय निशानेबाजों से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है.
पदक तालिका में छठे स्थान पर है भारत
भारत इस समय एशियन गेम्स की पदक तालिका में छठे स्थान पर है. भारत के खाते में अब तक एक पदक है, जबकि 7 पदकों के साथ चीन शीर्ष पर बना हुआ है. जापान 5 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है. भारत से ऊपर मकाउ, दक्षिण कोरिया और कजाख्स्तान भी मौजूद हैं. भारतीय दल की नजरें अब आने वाली स्पर्धाओं में और पदक जीतकर तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने पर होंगी.

