खंडवा: ट्रैक्टर-ट्रॉली के नदी में गिरने से 11 की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख, किया मुआवजे का ऐलान

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Khandwa Accident: विजयदशमी के दिन मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में माता की प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पंधाना थाना क्षेत्र के जामली गांव के पास आबना नदी में गिर गई. इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लापता हैं.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस वक्‍त हुई जब ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया पार कर रही थी.  अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में जा गिरी. इस घटना में मरने वालों में ज्यादातर बच्चे और किशोर शामिल थे, जिनमें आरती (18), दिनेश (13), उर्मिला (16), शर्मिला (15), गणेश (20), किरण (16), पाटलीबाई (25), रेवसिंह (13), आयुष (9), और संगीता (16) शामिल हैं

पीएम मोदी ने जताई गहरी संवेदना

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरी संवेदना जताई है. साथ ही शोक संतप्त परिवारों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर कहा कि मध्य प्रदेश के खंडवा में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ है. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे.

मोहन यादव ने भी व्‍यक्‍त किया दुख

वहीं, मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख व्यक्त करते हुए एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि “खंडवा के ग्राम जामली और उज्जैन के समीप इंगोरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं. शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. मृतकों के निकटतम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि और घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. देवी मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और शोक संतप्त परिजनों को संबल हेतु प्रार्थना है.”

Latest News

आज से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिनी छत्तीसगढ़ प्रवास: मुरिया दरबार में होंगी शामिल

President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय प्रवास के तहत आज छत्तीसगढ़ जाएंगी. दो दिनी प्रवास पर राष्ट्रपति रायपुर...

More Articles Like This

Exit mobile version