Noida Airport Update: उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है. बुधवार को हवाई अड्डे के रनवे पर पहला मालवाहक (कार्गो) विमान सफलतापूर्वक लैंड हुआ. चेन्नई से उड़ान भरकर यहां पहुंचे इस विशेष विमान का एयरपोर्ट पर ‘वाटर कैनन सैल्यूट’ (पानी की बौछारें बरसाकर) देकर बेहद शानदार और पारंपरिक स्वागत किया गया.
हवाई माल ढुलाई के एक नए युग का आगाज
इस शुरुआत के साथ ही दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवाई माल ढुलाई के एक नए युग का आगाज हो गया है. मालवाहक संचालन के लिए एफकॉम कंपनी के साथ समझौता किया गया है. मालवाहक सेवाओं के लिए कंपनी बोइंग 737-800 के विमानों का इस्तेमाल करती है. एयर इंडिया एसएटीएस एयरपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (एआईएसएटीएस) ने मालवाहक उड़ानों के लिए हवाई अड्डे पर करीब 80 एकड़ में मालवाहक केंद्र विकसित किया है.
आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा
यमुना इंटरनेशनल हवाई अड्डे प्राइवेट लिमिटेड के वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ ने कहा कि इससे क्षेत्र में संपर्क बढ़ेगा और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा. पहले चरण में कार्गो की वार्षिक क्षमता 2.55 लाख मीट्रिक टन है. यहां कार्गो टर्मिनल, वेयरहाउस, ट्रकिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किया गया है. इसमें फ्रेट फॉरवार्डर्स के लिए वेयरहाउस सुविधा, कंसोलिडेशन सेंटर, ट्रको की आवाजाही, डिजिटल शिपमेंट जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं.
अमृतसर जाने वाली फ्लाइट में 110 टिकटें बुक
एयरपोर्ट से पहले दिन 762 लोगों ने उड़ान भरी थी. पहली फ्लाइट लखनऊ से यात्रियों को लेकर आई थी और फिर बंगलुरू के लिए रवाना हुई थी. इसमें 161 लोग सवार थे. अमृतसर जाने वाली फ्लाइट में 110 टिकटें बुक हुई थीं. हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट में नोएडा से 159 लोगों ने बुकिंग की थी. जबकि शाम को लखनऊ जाने वाली फ्लाइट में 146 टिकटें बुक की गई थी. किसानों को लेकर एयरपोर्ट से पहली उड़ान भरने वाले विमान से 186 लोगों ने यात्रा की थी.
अकासा एयर ने मुंबई और बंगलूरू के लिए सेवा शुरू की
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ान शुरू होने के अगले दिन मंगलवार को अकासा एयर ने नवी मुंबई और बंगलूरू के लिए हवाई सेवा शुरू की. इसी के साथ इंडिगो ने भी जम्मू के लिए अपनी नियमित सेवा शुरू कर दी. एयरपोर्ट पर दूसरे दिन 12 विमान उतरे और सभी अलग-अलग शहरों के लिए उड़ान भरी. अकासा एयर की पहली फ्लाइट सुबह नवी मुंबई से सुबह 9:35 बजे नोएडा पहुंची. यही फ्लाइट 10:15 बजे यात्रियों को लेकर रवाना हुई और दोपहर 12:30 बजे नवी मुंबई पहुंची.
एयरपोर्ट में लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह
नवीं मुंबई की फ्लाइट को लेकर भी एयरपोर्ट में लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. अकासा एयर ने नवी मुंबई के साथ बंगलूरू के लिए नियमित उड़ानें शुरू की हैं. दोनों मार्गों पर हर दिन उड़ानें संचालित की जाएंगी. वहीं, बंगलूरू से अकासा की फ्लाइट शाम 4:25 बजे रवाना हुई, जो शाम 7:15 बजे नोएडा पहुंची. इसी फ्लाइट ने नोएडा से 7:55 बजे उड़ान भरी और रात 11 बजे यात्रियों को लेकर बंगलूरू पहुंची.
सभी तय उड़ानें समय पर संचालित
नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद दूसरे दिन इंडिगो की सभी तय उड़ानें समय पर संचालित हुईं. लखनऊ, हैदराबाद, बंगलूरू, जम्मू और अमृतसर के लिए उड़ान सेवाएं जारी रही. इंडिगो ने दूसरे दिन जम्मू के लिए अपनी नियमित सेवाएं भी शुरू कर दी. मंगलवार को एयरपोर्ट पर कुल 12 विमान उतरे और उड़ान भरे.
इसे भी पढ़ें. ‘हम सबसे मशहूर कपल हैं’, G-7 सम्मेलन में पीएम मोदी से मिलते ही मेलोनी ने ली चुटकी, इंटरनेट पर फिर छाए Melody

