PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को पुडुचेरी और असम में ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत संवाद’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे उन्होंने दोनों राज्यों में हुए विकास कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि जनता ‘डबल-इंजन’ वाली एनडीए सरकार के साथ अगले पांच साल और बिताने के लिए पूरी तरह से तैयार है.
पीएम मोदी सोमवार को असम में आयोजित ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत संवाद’ कार्यक्रम में दोपहर एक बजे शामिल होंगे. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा कि “30 तारीख की दोपहर को, मैं ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत संवाद- असम’ कार्यक्रम में हिस्सा लूंगा”
सबके सामने हैं असम की प्रगतिः पीएम माेदी
उन्होंने आगे लिखा कि “पिछले एक दशक में असम ने जो प्रगति की है, वह सबके सामने है. यह राज्य सभी क्षेत्रों में हुई अपनी विकास यात्रा के लिए जाना जाता है. इसीलिए, असम का रुख एकदम स्पष्ट है. यहां पूरी तरह से एनडीए का ही बोलबाला है. यहां की जनता ‘डबल-इंजन’ वाली एनडीए सरकार के साथ अगले पांच साल और बिताने के लिए पूरी तरह से तैयार है.”
जनता की आकांक्षाओं को एनडीए सरकार ने किया पूरा
बता दें कि पुडुचेरी में पीएम मोदी का कार्यक्रम शाम 5.30 बजे रखा गया है. इसको लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि “30 तारीख को शाम 5:30 बजे ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत संवाद- पुडुचेरी’ में शामिल होने का बेसब्री से इंतजार है.” प्रधानमंत्री मोदी ने पोस्ट में लिखा कि “पिछले 5 सालों में ‘डबल-इंजन’ वाली एनडीए सरकार ने पुडुचेरी की जनता की आकांक्षाओं को पूरा किया है. यही कारण है कि पुडुचेरी की जनता एक बार फिर एनडीए को अपना आशीर्वाद देने जा रही है.”
‘एक्स’ अकाउंट ‘नरेंद्र मोदी.इन’ ने इन कार्यक्रमों को लेकर जनता से अपील करते हुए लिखा, “इस अवसर का लाभ उठाएं और नमो ऐप के माध्यम से सीधे प्रधानमंत्री से जुड़ने के लिए अभी पंजीकरण करें। एक ‘विकसित असम’ और ‘मजबूत पुडुचेरी’ के लिए अपने विचार साझा करें.”

