PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे हैं. इस दौरे के दौरान वो मिर्जामुराद के खोचवां में अरविंद टेक्सटाइल्स मिल का लोकार्पण करेंगे. इसके बाद वह नमो घाट पर आयोजित एयर शो में भारतीय वायुसेना के विमानों के हवाई करतब देखेंगे. इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने का कार्यक्रम है.
खोचवां पहुंचने पर PM मोदी का स्वागत
प्रधानमंत्री के खोचवां पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल ने उनकी अगवानी की. अरविंद टेक्सटाइल्स मिल के उद्घाटन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर आयोजन स्थल और नमो घाट तक सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं. प्रमुख स्थानों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनी रहे.
एयर शो देखने के लिए नमो घाट पर जुट रहे लोग PM Modi Varanasi Visit
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर काशी में लोगों के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है. नमो घाट पर एयर शो का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है. लोगों को तय मार्गों से कतार में आगे बढ़ाया जा रहा है. वहीं, शहर में यातायात सुचारु रखने के लिए कई इलाकों में रूट डायवर्जन लागू किया गया है.
एयरपोर्ट से नमो घाट तक सजाया गया शहर
PM मोदी के स्वागत की तैयारियां शहरभर में नजर आ रही हैं. बाबतपुर एयरपोर्ट से पुलिस लाइन और नमो घाट तक प्रमुख सड़कों, चौराहों और पार्कों को सजाया गया है. रास्तों पर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले बैनर और होर्डिंग लगाए गए हैं. भाजपा की योजना के तहत पुलिस लाइन में युवा भी प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे.
औद्योगिक विकास और वायुसेना का प्रदर्शन होंगे मुख्य आकर्षण
प्रशासन ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस दौरे में अरविंद टेक्सटाइल्स मिल का उद्घाटन औद्योगिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा, जबकि नमो घाट पर होने वाला एयर शो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा. भारतीय वायुसेना के विमानों के हवाई प्रदर्शन के दौरान दर्शकों को आसमान में रोमांचक करतब देखने का अवसर मिलेगा.

