Punjab Grenade Attack: पंजाब से सनसीखेज खबर सामने आई है. यहां मंगलवार की दोपहर गुरदासपुर जिले के कस्बा कलानौर में उस समय शोर-शराबा के बीच लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जब बस स्टैंड के नजदीक स्थित मुल्तानी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर ग्रेनेड फेंक दिया गया. धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और अस्पताल के कई शीशे टूट गए. हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई. आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके की आवाज बहुत तेज थी, जिसके बाद लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए. सूचना मिलते ही डीएसपी अमोलक सिंह काहलों, एसएचओ जतिंदरपाल सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जानकारी ली. वहीं, एसएसपी गुरदासपुर भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था और जांच कार्यों की समीक्षा की.
पुलिस ने अस्पताल और आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति के नजर आने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा. पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी में जुटी हुई हैं.