Delhi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने मुस्तफाबाद हादसे पर दुख जताया, मुआवजे का किया एलान

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर क्षेत्र में शनिवार तड़के एक इमारत गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें आठ लोग मकानमालिक के परिवार से हैं। घायलों में छह लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम रेखा गुप्ता ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने हादसे पर जाहिर किया दुख

मुस्तफाबाद में हुए हादसे पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने दुख जाहिर किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर लिखा, दिल्ली के मुस्तफाबाद में एक इमारत गिरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बच्चों और महिलाओं समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

पीएम और सीएम ने जताया दुख, मुआवजे का एलान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सीएम रेखा गुप्ता ने हादसे पर दुख जताया है। वहीं, पीएम मोदी ने कहा कि वे इस दुखद घटना से अत्यंत व्यथित हैं और उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। पीएम मोदी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा, दयालपुर इलाके में इमारत गिरने से जानमाल के नुकसान से दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों की मदद कर रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह भी घोषणा की है कि हर मृतक के परिजन को दो लाख रुपए की मदद दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपए की राशि दी जाएगी।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद (दयालपुर) इलाके में शनिवार तड़के चार मंजिला एक इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ।
सूचना म‍िलने पर पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव का काम शुरू किया गया। डिवीजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने बताया कि इमारत पूरी तरह गिर चुकी थी और कई लोग मलबे में फंसे हुए थे। अब तक 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
इमारत में करीब 20 से 25 लोग रह रहे थे। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इमारत गिरने की वजह क्या थी, लेकिन हादसे से कुछ घंटे पहले दिल्ली में मौसम अचानक बदल गया था। तेज हवाएं और हल्की बारिश भी हुई थी, जो इसका कारण हो सकती है।
Latest News

ईरान में तबाही: मौत का आंकड़ा 500 के पार, 48 घंटे से ज्यादा समय से इंटरनेट बंद

ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों में 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. इंटरनेट बंद है और तेहरान समेत कई शहरों में धमाकों की खबरें सामने आ रही हैं.

More Articles Like This

Exit mobile version