गाजीपुर प्रेस क्लब करेगा भारत एक्सप्रेस के CMD उपेंद्र राय का सम्मान, मिलेगा ‘पत्रकारिता शिखर सम्मान 2026’

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Patrakarita Shikhar Samman 2026: पत्रकारिता केवल खबरों के संकलन और प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाला एक सशक्त स्तंभ भी है. इसी उद्देश्य और पत्रकारिता के मूल्यों को सम्मान देने के लिए गाजीपुर प्रेस क्लब की ओर से पत्रकारिता दिवस के अवसर पर एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है. इस समारोह में देश के प्रतिष्ठित पत्रकारों को सम्मानित करने के साथ-साथ दिवंगत पत्रकारों के योगदान को भी याद किया जाएगा. कार्यक्रम को लेकर जिले के पत्रकारों और बुद्धिजीवियों में उत्साह का माहौल है.

30 मई को होगा आयोजन

गाजीपुर प्रेस क्लब के तत्वावधान में 30 मई 2026, शनिवार को दोपहर 12 बजे से शहर स्थित होटल द ग्रैंड पैलेस में ‘पत्रकारिता शिखर सम्मान समारोह 2026’ का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में देश के ख्यातिलब्ध पत्रकार उपेंद्र राय (सीएमडी एवं एडिटर इन चीफ, भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क) को ‘पत्रकारिता शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा.

दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को भी मिलेगा सम्मान

समारोह के दौरान गाजीपुर जिले के पांच दिवंगत पत्रकारों स्वर्गीय विजय कुमार, स्वर्गीय राजीव सिंह, स्वर्गीय सिद्धांत तिवारी, स्वर्गीय सत्येंद्र शुक्ला और स्वर्गीय शिवलोचन राम के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा. इसके साथ ही गाजीपुर प्रेस क्लब के सभी सदस्यों को संस्था की ओर से टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा.

कई प्रमुख हस्तियां रहेंगी मौजूद

गाजीपुर प्रेस क्लब की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में लोकप्रिय एमएलसी विशाल सिंह चंचल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. वहीं समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल जी यादव, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश कुशवाहा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविकांत राय और समाजसेवी विनोद राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. इसके अलावा जिले के अनेक गणमान्य नागरिकों तथा उत्तर प्रदेश के कई प्रसिद्ध पत्रकारों के भी समारोह में शामिल होने की संभावना है.

पत्रकार हितों के लिए लगातार सक्रिय है प्रेस क्लब

गाजीपुर प्रेस क्लब पिछले कई वर्षों से जिले के पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहा है. संस्था की ओर से सभी सदस्यों को प्रतिवर्ष 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराया जाता है. इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति में राहत कोष के माध्यम से पत्रकारों की सहायता का प्रयास भी किया जाता है. संस्था समय-समय पर सामाजिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन भी करती रही है, जिससे पत्रकारों और समाज के बीच सकारात्मक संवाद को बढ़ावा मिलता है.

इस वर्ष शुरू हुई नई परंपरा

गाजीपुर प्रेस क्लब ने इस वर्ष से देश में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को ‘पत्रकारिता शिखर सम्मान’ से सम्मानित करने की नई परंपरा शुरू की है. इसी कड़ी में इस वर्ष देश के मशहूर पत्रकार उपेंद्र राय को इस सम्मान के लिए चुना गया है.

उपेंद्र राय का रहा है उल्लेखनीय पत्रकारिता सफर

गाजीपुर के शेरपुर गांव निवासी उपेंद्र राय ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत सहारा न्यूज नेटवर्क से की थी. अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और समर्पण के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय पत्रकारिता में एक अलग पहचान बनाई.

पत्रकारिता के दौरान उन्होंने देश के अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी विशिष्ट शैली में रिपोर्टिंग कर व्यापक पहचान हासिल की. वर्तमान में वह भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क में सीएमडी एवं एडिटर इन चीफ के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया जगत में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

क्या बोले गाजीपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष

इस समारोह के संबंध में जानकारी देते हुए गाजीपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शिवकुमार ने बताया, “संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के जरिये गाजीपुर की पत्रकारिता में एक नई परम्परा शुरू की जा रही है. साथ ही जिले के सभी पत्रकारों के हितों की रक्षा और पत्रकार हितों के संघर्ष के लिए गाजीपुर प्रेस क्लब सदैव प्रतिबद्ध है.”

पत्रकारिता को सम्मान देने की पहल

गाजीपुर प्रेस क्लब की यह पहल न केवल पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करेगी, बल्कि युवा पत्रकारों को भी बेहतर और जिम्मेदार पत्रकारिता के लिए प्रेरित करने का काम करेगी. कार्यक्रम को जिले में पत्रकारिता जगत के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा जा रहा है.

Latest News

Mobile Manufacturing Scheme: ₹62,500 करोड़ की नई स्कीम को मंजूरी, भारत बनेगा मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का ग्लोबल हब

केंद्रीय कैबिनेट ने ₹62,500 करोड़ की मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (MPMS) को मंजूरी दे दी है. यह योजना 2026-27 से 2030-31 तक लागू रहेगी और मोबाइल उत्पादन, निर्यात, घरेलू विनिर्माण तथा रोजगार सृजन को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगी.

More Articles Like This