CM Yogi Ghazipur Visit: बृहस्पतिवार को गाजीपुर के मुहम्मदाबाद मंडी समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले को करीब 691.74 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं की सौगात दिया. इनमें 83 परियोजनाओं का लोकार्पण और 185 का शिलान्यास किया गया.
सीएम योगी ने ने ऋषि-मुनियों की पावन धरा गाजीपुर में जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने इस पवित्र भूमि को नमन करने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने बताया कि गाजीपुर का उल्लेख रामायण कालखंड से मिलता है. उन्होंने इसे महाराज गाजी की पावन धरती बताया. सीएम योगी ने कहा कि भगवान राम और लक्ष्मण ताड़का वध के लिए इसी धरती से बक्सर गए थे.
अविस्मरणीय है गाजीपुर के फौजियों का योगदानः सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहमर गांव का विशेष उल्लेख करते हुए इसे एशिया और देश का सबसे बड़ा गांव बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि गहमर को 12,000 फौजियों के गांव के रूप में जाना जाता है. उन्होंने बताया कि अकेले इसी गांव में 12 हजार से अधिक सैनिक और सेवारत अधिकारी निवास करते हैं. उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में जब भी देश की सीमाओं की रक्षा की बात आती है, तो गाजीपुर के फौजियों का योगदान अविस्मरणीय है. जिले के सैनिकों ने 1961, 1965 और 1971 के युद्धों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके अतिरिक्त, कारगिल युद्ध और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों में भी उन्होंने अपना योगदान दिया. इस गाजीपुर की वीर भूमि का प्रमाण है.
सीएम योगी ने कांग्रेस-सपा पर बोला हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की लड़ाई और भारत-पाकिस्तान युद्ध में वीर अब्दुल हमीद इसी गाजीपुर की धरती से थे. उन्होंने बताया कि गाजीपुर राष्ट्र रक्षा और साहित्य के क्षेत्र में हमेशा अव्वल रहा है. सीएम योगी ने सवाल उठाया कि आखिर यह गौरवशाली जिला क्यों गुमनाम हो गया था. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गाजीपुर की पहचान का संकट खड़ा किया था, उन्हें सरकार ने सजा दी है. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने महाराज सुहेलदेव के नाम पर कोई भी आयोजन नहीं होने दिया. इसके विपरीत, सपा और कांग्रेस सालार और गाजी के नाम पर मेले आयोजित करते रहे हैं. सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार गाजीपुर के वास्तविक नायकों को सम्मान दे रही है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गाजीपुर की राष्ट्र रक्षा की समृद्ध परंपरा रही है. पिछले कुछ समय में प्रदेश व गाजीपुर जनपद के पहचान का संकट खड़ा कर दिया. सपा व कांग्रेस ने देश के भविष्य को डुबोने का काम किया है. डबल इंजन की सरकार जहां अपने राष्ट्र नायकों को सम्मान देती है, वहीं विकास भी कर रही है.
माफिया के कब्र पर फातिहा पढ़ते हैं सपा के लोगः सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि सपा गरीब, किसान, युवा और महिला विरोधी है. पहले कहा जाता था कि सपा को देखकर बिटिया घबरा जाती थीं, माफिया समाज का खून चूसते हैं. वह व्यापारी व बेटी के लिए खतरा होते हैं. मेरी सरकार ने ठाना था कि माफिया को मिट्टी में मिलाना है और मिल गया. पहले माफिया को सत्ता का सरंक्षण मिलता था. आज सब सफाया हो गया. सपा के लोग माफिया के कब्र पर फातिहा पढ़ते हैं.
ये कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगेः सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा, “जिन्होंने पहचान का संकट खड़ा किया था, जिन्होंने युवाओं के रोजगार पर डकैती डाली थी, जिन्होंने अन्नदाता किसानों की खुशहाली को छीनने का कार्य किया था, जिन्होंने बेटी और व्यापारी के सामने सुरक्षा का संकट खड़ा किया था, जिन्होंने विकास के कार्यों को अपने कार्यकर्ताओं के हवाले लूट खसोट करने की पूरी खुली छूट दे रखी थी. आज वे लोग हमें आईना दिखाने का काम कर रहे हैं. अगर समाजवादी पार्टी के पाप का पर्दा उठाना शुरू कर देंगे तो ये कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगे. ये जो पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बना है ना, अकेले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे में एक्सप्रेस-वे नहीं बनी, लेकिन इन्होंने 3000 करोड़ रुपए का वारा न्यारा कर दिया था, इस समाजवादी पार्टी के लोगों ने. जब हम लोग आए, मैं बहुत चकित था देख करके. हमने कैंसिल किया. कैंसिल करने के बाद फिर से जमीन अधिग्रहण किया.”
लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाएं
लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का नर्सिंग कॉलेज, ड्रग वेयरहाउस, ग्रामीण पेयजल योजनाएं, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के शैक्षणिक भवन व छात्रावास, मनिहारी-जखनियां-फद्दोपुर मार्ग का चौड़ीकरण, गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग का सुदृढ़ीकरण, नगर पालिका क्षेत्र की सीवर परियोजनाएं तथा गंगा तट पर कटानरोधी कार्य शामिल हैं.
शिलान्यास होने वाली परियोजनाएं
शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में अंधऊ-चौकिया बाईपास, मनिहारी-जखनियां-फद्दोपुर मार्ग के अतिरिक्त निर्माण कार्य, महिला एवं पुरुष जिला अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम, मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल की बाउंड्रीवाल, नई पुलिस चौकियां, सिंथेटिक हॉकी मैदान, बहुउद्देशीय क्रीड़ागृह का जीर्णोद्धार तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से जुड़ी योजनाएं प्रमुख हैं.