फतेहपुर सड़क हादसा: बेटे की अस्थियां विसर्जित करने जा रहे दंपती समेत चार की मौत, दो घायल

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में झांसी से प्रयागराज जा रहे दंपती समेत चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे में एक महिला और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि सभी लोग मृत बेटे की अस्थियां विसर्जन के लिए प्रयागराज जा रहे थे.
घटना फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर सुजानीपुर चौराहा स्थित हनुमान मंदिर के पास की है. शनिवार तड़के करीब 5 बजे तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े एक डंपर में पीछे से जा घुसी. हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार रामकुमार शर्मा (55), उनकी पत्नी कमलेश भार्गव (50), शुभम (35) और पराग चौबे (50) की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि चारु (35) पत्नी आदित्य और 12 वर्षीय काश्विक गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरदो भेजा गया. जहां से हालत गंभीर होने के कारण चारु और काश्विक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. प्रारंभिक जांच के अनुसार, सभी लोग झांसी के दीनदयाल नगर और गुरूसराय के निवासी थे और शुक्रवार रात लगभग 10 बजे प्रयागराज के लिए निकले थे. हादसे के समय वे प्रयागराज पहुंचने ही वाले थे.
घटना के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है. तहरीर मिलने के बाद संबंधित चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्ट, यश द्विवेदी)
Latest News

‘बाप’ वाले बयान पर खरगे से माफी की मांग, दिल्ली-पटना से लेकर बेंगलुरु में BJP का प्रदर्शन

Mallikarjun Kharge Remark: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में बीजेपी...

More Articles Like This

Exit mobile version