नेपाल में भीषण बाढ़ः CM योगी चिंतित, बार्डर के सभी जिलों को किया अलर्ट, जिलों के DM से की वार्ता

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

लखनऊः बुधवार को नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद 105 भारतीय नागरिकों के लापता होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिंता जताई है. सीएम ने अपने सरकारी आवास पर समीक्षा बैठक के दौरान नेपाल के सीमा से सटे प्रदेश के जिलों के डीएम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से वार्ता की. इस दौरान उनको अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए.

सीएम योगी ने नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद 105 भारतीय नागरिकों के लापता होने पर चिंता जताई है. उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ से सबकी कुशलता की प्रार्थना की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ का असर सीमावर्ती जिलों में पड़ने की आशंका है. नेपाल में करीब 400 पर्यटक लापता हैं, इनमें 105 भारतीय नागरिक हैं. बाढ़ की वजह से 291 विदेशी और 80 नेपाली नागरिक लापता हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजगंज और कुशीनगर में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे. नेपाल की बाढ़ के कारण गंडक और नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ सकता है. सीएम योगी ने प्रशासन को सतर्क रहने के साथ दोनों जिलों में तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद नेपाल में बाढ़ के बाद कुशीनगर प्रशासन अलर्ट पर है. डीएम और एसपी ने गांवों का दौरा किया. यहां पर नारायणी नदी के किनारे बसे गांवों के दौरे के दौरान लोगों को पैनिक न होने और सजग रहने के निर्देश दिए. नेपाल में आई बाढ़ की वजह से महराजगंज में अलर्ट घोषित किया गया है.

इसके साथ यहां गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर से चिंता भी बढ़ी है. SDRF व पुलिस ने सायरन बजाकर लोगों को अलर्ट किया. प्रशासन ने नदी के किनारे रहने वाले ग्रामीणों से बाढ़ पर पक्के मकान की छत पर जाने की अपील की है. सोहगीबरवा के शिकारपुर में भी अपील की गई है.

सीएम ने अधिकारियों को फील्ड पर निकलने का दिया निर्देश

सीएम योगी ने इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में हो रही बारिश से होने वाली  जनहानि, पशु हानि व आर्थिक हानि का  संज्ञान लिया. उन्होंने सभी वरिष्ठ  अधिकारियों  को  फील्ड  में निकलने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने बाढ़ और बारिश से प्रभावित परिवारों  को हर संभव  सहायता  उपलब्ध  कराने  के  निर्देश दिए  हैं. उन्होंने कहा कि जलभराव से जनमानस को समस्या न हो.

सीएम ने प्रदेशवासियों से की ये अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अति वर्षा, आकाशीय  बिजली  से   जन हानि, पशु हानि व आर्थिक हानि का आंकलन कर 24  घंटे  में  मुआवजा  देने का  निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अधिकारी  प्रभावित  परिवारों  से  संवाद बना कर उनको हर संभव सहायता उपलब्ध  करवाएं. सीएम योगी ने खराब मौसम में प्रदेशवासियों से सावधारनी बरतने की अपील की हैं.

More Articles Like This

Exit mobile version