Tiranga Yatra: रविवार को राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी आवास से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और दोनों डिप्टी सीएम समेत तमाम मंत्री और संगठन के पदाधिकारी हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाते निकले. इसमें तमाम जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संगठन, समाजसेवी संस्थाओं के साथ ही बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक भी शामिल रहे. यात्रा शुरू होने से पहले सीएम योगी ने पंकज चौधरी व यात्रा में शामिल लोगों के साथ सेल्फी ली.
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि यह मौका बहुत खास है, क्योंकि कुछ ही दिनों में, 15 अगस्त को हम अपने देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपको अपने घरों पर तिरंगा फहराने का अधिकार दिया है, ताकि झंडे के प्रति सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ के मंत्र को बढ़ावा मिले. झंडा संहिता में बदलाव किए गए, ताकि आप इसे अपने घरों पर लगा सकें.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले, कांग्रेस के शासन में घर पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ता था. कोर्ट तक जाना पड़ता था, लेकिन पीएम मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को यह आजादी दी. अब आप हमारे गर्व, सम्मान और गौरव के प्रतीक तिरंगे को अपने घरों पर फहरा सकते हैं.
यात्रा में शामिल सभी लोग हाथों में तिरंगा लेकर मां भारती का जयघोष तथा अमर बलिदानियों को नमन करते हुए तिरंगा यात्रा पर आगे बढ़ें. सीएम आवास से शुरू होने वाली यह यात्रा हजरतगंज स्थित लोकभवन तक गई. 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी मंडलों में 10, 11 एवं 12 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकलेगी.
कब-कब कार्यक्रम होंगे
भाजपा ने प्रदेशवासियों में देशभक्ति का भाव जगाने के लिए ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान आज से शुरू किया. 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों के साथ ही प्रदेश में विभिन्न स्थानों से तिरंगा यात्राएं निकालकर भाजपा राष्ट्र प्रेम का संचार करेगी. 14 अगस्त को विभाजन-विभीषिका स्मृति दिवस, मौन जुलूस एवं संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी. 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान, व्यापारिक संस्थान एवं कार्यालयों पर राष्ट्रध्वज फहराने के लिए व्यापक जनसम्पर्क एवं जनजागरण किया जाएगा.