PM Modi: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट के दौरान कुछ युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गालियां दीं. जिसके बाद पुलिस ऐसे युवाओं के ख़िलाफ एक्शन ले रही है. इसी बीच पीएम मोदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर इस घटना पर अपना रिएक्शन दिया है.
PM Modi ने शेयर किया वीडियो
बीते दिन प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से गालियां दी गईं और उनकी दिवंगत माता के लिए भी अत्यंत आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया. पीएम ने कहा कि घटना का स्वरूप बेहद दुखद था, लेकिन वह इस मुद्दे पर किसी के प्रति कटुता नहीं, बल्कि सुधार और सकारात्मक सोच के साथ बात करना चाहते हैं.
Abuses never solve anything.
Let’s guide the misguided.
Let’s work together.
Let’s work for Bharat. pic.twitter.com/yAePG60KYL
— Narendra Modi (@narendramodi) July 31, 2026
बचपन में गलतियां होना स्वाभाविक है
पीएम मोदी ने कहा कि बचपन में गलतियां होना स्वाभाविक है और बचपन की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि उसमें गलतियों को सुधारने का अवसर भी होता है. पीएम ने कहा कि समाज के भीतर इस घटना को लेकर जो आक्रोश है, उसे वह भली-भांति समझ सकते हैं. उनके अनुसार, यह एक “कल्चरल शॉक” है कि देश की बेटियां इस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर सकती हैं.
ये गुमराह बच्चे हैं
उन्होंने कहा कि यह समय इन बच्चों को गले लगाकर उन्हें सही रास्ता दिखाने का है. पीएम ने कहा कि ये गुमराह बच्चे हैं और उन्हें सही दिशा देना पूरे समाज की जिम्मेदारी है. वीडियो में उन्होंने आगे कहा कि इन बच्चों को सजा देना, अदालतों के चक्कर कटवाना या समाज में प्रताड़ित करना परिस्थितियों को नहीं बदल सकता.
समाज भी मेरी इस भावना को स्वीकार करे
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं. समाज भी मेरी इस भावना को स्वीकार करे, क्योंकि मेरे मन में एक ही भाव है. कभी-कभी दांतों तले हमारी जीभ आ जाती है, खून भी निकल आता है, लेकिन हम दांत नहीं तोड़ते, क्योंकि दांत भी हमारे हैं, जीभ भी हमारी है और बच्चे भी हमारे हैं.” उन्होंने कहा, “बच्चों आओ, हम देश के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ें। अपनी गलतियों से भी सीखें, अपने सपनों को लेकर आगे बढ़ें. देश बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है और आगे भी बढ़ने वाला है. मेरा सपना है कि आपका भविष्य भी उज्ज्वल हो. मैं आपके लिए जीता हूं और आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार खपता हूं.”
युवाओं से की ये अपील
पीएम ने अपने संदेश के अंत में युवाओं से एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की. पीएम ने कहा कि सभी को मिलकर देश को आगे बढ़ाना है और जीवन में होने वाली गलतियों से सीखते हुए सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए.