Today Weather Update: फरवरी के अंत में बदला मौसम का मिजाज, दिल्ली-UP में बढ़ी गर्मी, पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Today Weather Update: फरवरी का महीना खत्म होने की ओर है और इसके साथ ही मौसम ने भी अचानक करवट ले ली है. देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अप्रैल जैसा असर दिखाना शुरू कर दिया है, जबकि पहाड़ी इलाकों में अब भी बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी है. पूरे देश में मौसम का यह बदला-बदला और अनिश्चित रूप लोगों को हैरान कर रहा है. आइए जानते हैं आने वाले दिनों में आपके शहर और राज्य में मौसम कैसा रहने वाला है.

देश में सक्रिय मौसम प्रणालियाँ

मौसम विभाग की मानें तो इस वक्त देश के अलग-अलग हिस्सों में कई चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र सक्रिय हैं. दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी से लेकर असम, गुजरात तट, आंतरिक कर्नाटक, राजस्थान और यहां तक कि मध्य पाकिस्तान तक कई जगह ये सिस्टम बने हुए हैं. साथ ही, तमिलनाडु से महाराष्ट्र तक एक ‘ट्रफ’ रेखा गुजर रही है. यही कारण है कि अंडमान-निकोबार, केरल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक दक्षिण भारत और पहाड़ी राज्यों में बादल, बारिश और मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है.

दिल्ली-NCR और यूपी में तेज होती गर्मी

दिल्ली और एनसीआर में तो मानो होली से पहले ही अप्रैल आ गया हो. फरवरी का आखिरी हफ्ता है और पारा 30 डिग्री के पार निकल चुका है. मौसम विभाग के मुताबिक होली तक तापमान बढ़कर करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है. उत्तर प्रदेश में भी कुछ ऐसा ही हाल देखने को मिल रहा है. दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, हालांकि सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड का एहसास अभी बाकी है. लखनऊ समेत कई शहरों में दोपहर का तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है.

बिहार में शुष्क रहेगा मौसम

बिहार के लोगों के लिए मौसम विभाग ने अच्छी खबर दी है. अगले एक हफ्ते तक राज्य में बारिश या आंधी-तूफान के कोई आसार नहीं हैं. मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और आसमान साफ बना रहेगा. पटना, गया, नालंदा और बेगूसराय जैसे जिलों में तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है. ठंड अब लगभग खत्म हो चुकी है, लेकिन दिन की तेज धूप के कारण बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की जरूरत है. विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि धूप में जाते समय पर्याप्त पानी पिएं और खुद को तेज धूप से बचाकर रखें.

यह भी पढ़े: Sensex opening bell: लाल निशान में खुला भारतीय शेयर बाजार, 350 अंक फिसला सेंसेक्स

मध्य प्रदेश में गर्मी के कड़े तेवर

फरवरी के अंतिम दिनों में मध्य प्रदेश में गर्मी ने तेज रुख अपना लिया है. खंडवा और खरगोन जैसे इलाकों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो आमतौर पर अप्रैल में दर्ज होता है. वहीं पचमढ़ी और शहडोल जैसे क्षेत्रों में रात के समय अभी भी हल्की ठंड बनी हुई है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 2 मार्च से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है, जिसके असर से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है. वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अगले चार दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. अगर आप पहाड़ों की यात्रा पर निकलने की सोच रहे हैं, तो मौसम का ताज़ा अपडेट जरूर चेक कर लें.

Latest News

भारत में गोल्ड लोन का बूम: 3 साल में 4 गुना बढ़ोतरी, औसत लोन करीब 2 लाख रुपए

भारत में गोल्ड लोन सेगमेंट में तेजी आई है. 3 वर्षों में यह चार गुना बढ़ा और औसत लोन राशि करीब 2 लाख रुपए पहुंच गई.

More Articles Like This