तूफान से पहले की शांति! दिल्ली-NCR में मौसम लेगा यू-टर्न, IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Today Weather Update: मई महीने की शुरुआत इस बार सिर्फ गर्मी लेकर नहीं आई, बल्कि मौसम ने ऐसा यू-टर्न लिया है कि देशभर में राहत और आफत दोनों एक साथ नजर आ रहे हैं. अप्रैल की झुलसाती गर्मी के बाद जहां लोगों को लगा था कि मई में हालात और बिगड़ेंगे, वहीं महीने की शुरुआत में अचानक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने दस्तक दे दी है. लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है.

भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, अगले 48 घंटे देश के कई हिस्सों के लिए बेहद अहम और चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं. एक तरफ तेज आंधी और बारिश का खतरा है, तो दूसरी तरफ इसके बाद आने वाली भीषण लू की चेतावनी भी जारी कर दी गई है. यानी आने वाले दिन मौसम के लिहाज से काफी उतार-चढ़ाव वाले रहने वाले हैं.

60-70 KM की रफ्तार से आंधी और ओलों का खतरा

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा समेत करीब 11 राज्यों में तेज मौसम बदलाव की चेतावनी दी है. सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सिस्टम के चलते हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

इस तरह की तेज हवाएं सामान्य नहीं होतीं. इससे कमजोर निर्माण, बिजली के खंभे और पुराने पेड़ गिर सकते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है. खासकर उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में भारी ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है, जो किसानों के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकती है.

बरेली जैसे शहरों में इसका असर दिखना भी शुरू हो गया है. हाल ही में आई आंधी ने कई इलाकों में पेड़ गिरा दिए और दीवारें तक ढहा दीं. हालांकि बारिश से तापमान में गिरावट जरूर आई, लेकिन इसके साथ बिजली कटौती और जलभराव की समस्या भी बढ़ गई.

दिल्ली-NCR में अभी राहत, लेकिन खतरा टला नहीं

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिलहाल मौसम सामान्य नजर आ रहा है और धूप भी निकल रही है. लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि यह शांति ज्यादा दिनों की नहीं है. 2 मई से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, लेकिन तेज हवाएं और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. इससे गर्मी से थोड़ी राहत तो मिलेगी, लेकिन आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा.

पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानों में बदल रहा मिजाज

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है. इसका असर मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं के रूप में महसूस किया जा रहा है. हालांकि यह ठंडक अस्थायी है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव सिर्फ एक छोटे ब्रेक की तरह है, जिसके बाद गर्मी और भी ज्यादा तेज होने वाली है.

8 से 12 दिनों तक चलेगी भयंकर लू

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 1-2 मई की यह बारिश ज्यादा समय तक राहत नहीं देगी. इसके बाद मई के महीने में गर्मी अपना सबसे खतरनाक रूप दिखा सकती है. आमतौर पर लू 3-5 दिनों तक चलती है, लेकिन इस बार अनुमान है कि उत्तर भारत में हीटवेव 8 से 12 दिनों तक लगातार रह सकती है. पश्चिमी राजस्थान और विदर्भ में अभी से लू का अलर्ट जारी कर दिया गया है. राजस्थान में धूल भरे तूफान से दृश्यता कम हो सकती है, जबकि विदर्भ में तापमान रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकता है. उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा में भी पारा सामान्य से काफी ऊपर जाने की संभावना है.

दक्षिण और पूर्वोत्तर में बारिश, मानसून की आहट

जहां उत्तर भारत गर्मी और आंधी से जूझ रहा है, वहीं दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं. केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि कर्नाटक में ओलावृष्टि हो सकती है. इसके साथ ही संकेत मिल रहे हैं कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 से 25 मई के बीच अंडमान के रास्ते केरल पहुंच सकता है, जो सामान्य से पहले होगा.

कैसे रखें खुद को सुरक्षित?

मौसम के इस डबल अटैक से बचने के लिए सावधानी बेहद जरूरी है. तेज आंधी के दौरान खुले स्थानों, बिजली के खंभों और बड़े पेड़ों से दूर रहें. बिजली कड़कने के समय खुले मैदान में जाने से बचें, खासकर बिहार और यूपी में ‘ठनका’ गिरने का खतरा ज्यादा रहता है. वहीं लू से बचने के लिए दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें. पर्याप्त पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और शरीर को हाइड्रेट रखें.

यह भी पढ़े: Petrol Diesel Price Today: होर्मुज तनाव का असर! NCR में बदले पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें आपके शहर का नया रेट

Latest News

‘हवा के जिन्न’ का खौफ! होर्मुज में महिलाएं पहनती हैं मूंछों वाला नकाब, पेड़ों पर बने घरों में रहते हैं लोग

ईरान के होर्मुज और केश्म द्वीप अपनी रंगीन मिट्टी के साथ-साथ अनोखी परंपराओं के लिए मशहूर हैं. यहां ‘जार’ हवा और जिन्नों के डर से महिलाएं खास नकाब पहनती हैं.

More Articles Like This

Exit mobile version