जोधपुर में मीडिया से रू-ब-रू हुए केंद्रीय संस्‍कृति एवं पर्यटन मंत्री, कहा- ‘आतंकवादी मानसिकता पूरी तरह होगी परास्‍त’

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
केंद्रीय संस्‍कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्‍द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पाकिस्‍तान के कायराना हरकत के बाद जिस तरह भारत की शौर्यवान सेना हौसले के साथ आतंकवादियों और उनको पालने, पोषने वाले आकाओं को माकूल जवाब दे रही है, उससे मानवता की विजय होगी और आतंकवादी मानसिकता हमेशा के लिए परास्‍त हो जाएगी. शेखावत शुक्रवार को अपने गृह जनपद पहुंचे.
मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने दो टूक कहा कि उरी और पुलवामा हमले के बाद भी हमारी सेनाओं ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी के निर्देशन में सर्जिकल और एयर स्‍ट्राइक करके पूरी दुनिया को यह स्‍पष्‍ट संदेश दिया था कि नया, समर्थ और सशक्‍त भारत अब घर में घुसने वाला भारत है. भारत अपनी धरती पर होने वाले किसी भी गतिविधि को दुनिया की किसी भी धरती से बर्दाश्‍त नहीं करेगा.
शेखावत ने कहा कि लंबे अंतराल से जम्‍मू-कश्‍मीर में आतंकवाद समाप्‍त हो रहा था, लेकिन इसे चुनौती देते हुए आतंकवादियों ने जिस तरह कायराना रूप से पहलगाम में हमारे 26 निर्दोष सैलानियों और नागरिकों को मौत के घाट उतारा, वह किसी भी स्थिति में बर्दाश्‍त के लायक नहीं था. इस कायराना हरकत के बाद भी दंभ भरा जा रहा था.
उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी के ऐलान कि देश की अस्मिता पर हमला करने वाले ऐसे आतंकवादियों और उनको पल्‍लवित और पोषित करने वाले आकाओं को उनकी कल्पना से बड़ी और कड़ी सजा मिलेगी, हमारी शौर्यवान सेनाओं द्वारा दिया जा रहा माकूल जवाब उसी का परिणाम है.
शेखावत ने कहा कि भारत जहां आतंकवाद को समाप्‍त करने की लड़ाई लड़ रहा है, वहीं पाकिस्‍तान हमारे सैन्‍य ठिकानों और सिविलियन क्षेत्रों को निशाना बनाने की कायराना हरकत कर रहा है, जिसका भारत की सेना ने मुंहतोड़ जवाब देने का हौसला दिखाकर बता दिया है कि उसकी यह कायराना हरकत बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
हमारी शौर्यवान सेनाओं ने पाक अधिकृत कश्‍मीर और अन्‍य जगहों पर आतंकवादियों के ऐसे सारे ठिकानों को पूरी तरह नेस्‍तनाबूंद कर दिया है, जो पिछले कई वर्षों से भारत में होने वाले आतंकवादी हमलों के सूत्रधार रहे हैं.

देश शौर्यवान सेनाओं के साथ खड़ा

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीमाओं पर खड़े हमारे सजग प्रहरियों की वजह से देश सुरक्षित है. देश के हर व्‍यक्ति को अपने सैनिकों पर पूरा भरोसा और विश्‍वास है और देश की जनता अपनी शौर्यवान सेनाओं के साथ पूरी ऊर्जा के साथ खड़ी है. इस लड़ाई में आतंकवादी मानसिकता पूरी तरह परास्‍त हो जाएगी.
Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version