Weather Update: कई दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को आखिरकार मौसम ने राहत दी है. गुरुवार शाम उत्तर भारत के कई राज्यों में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि तथा धूलभरी हवाओं ने गर्मी का असर कम कर दिया. हालांकि, मौसम का यह बदला हुआ रूप कई जगह राहत तो कई जगह परेशानी भी लेकर आया. दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिला.
कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई, पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जबकि कुछ स्थानों पर जान-माल का नुकसान भी हुआ. मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में बड़ा बदलाव आया है. अगले दो से तीन दिनों तक कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफान की संभावना बनी हुई है. विभाग ने 15 राज्यों में बारिश और आंधी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है.
आज Delhi-NCR और यूपी में झमाझम बारिश के आसार
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में तेज आंधी और खराब मौसम को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 31 मई तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है.
कई राज्यों में 45 डिग्री के पार पहुंचा था पारा
मौसम में यह बदलाव कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद देखने को मिला है. गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उत्तर प्रदेश के बांदा में पारा 47.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राज्य के छह जिलों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा. हरियाणा के सिरसा और पंजाब के फरीदकोट में भी तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
हरियाणा में ओलावृष्टि, दो बच्चों की मौत
हरियाणा के कई इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली. चरखी दादरी में भारी बारिश के साथ ओले गिरे, जबकि रेवाड़ी के बावल, कुंड और खोल क्षेत्र में करीब पांच मिनट तक ओलावृष्टि हुई. नूंह जिले में तेज आंधी के कारण टपकान गांव में स्कूल की दीवार गिर गई, जबकि चंदेनी गांव में एक मकान ढह गया. इन हादसों में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य बच्चे घायल हो गए.
उत्तर प्रदेश में ओले और आंधी का असर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई. बदायूं में जमकर ओले गिरे, जबकि मुरादाबाद में तेज आंधी के कारण पेड़ों की टहनियां टूट गईं और कई स्थानों पर बिजली के खंभे गिर गए. राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में देर रात तेज हवाओं के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली.
उत्तराखंड में फसलों को नुकसान, जंगलों की आग बुझी
उत्तराखंड के पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई. कई स्थानों पर 100 से 200 ग्राम तक वजन वाले बड़े ओले गिरे. ओलावृष्टि के कारण वाहनों के शीशे, हेडलाइट और खिड़कियों के कांच टूट गए. सब्जियों और फलों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है. हालांकि राहत की बात यह रही कि जंगलों में लगी आग बारिश के बाद काफी हद तक बुझ गई.
हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में ओलावृष्टि, तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
खराब मौसम का असर उड़ानों पर भी पड़ा
दिल्ली में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अलग-अलग शहरों से आने वाली 11 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा. इन विमानों को जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ भेजा गया. मौसम सामान्य होने के बाद उन्हें वापस दिल्ली लाया गया. इसी दौरान बेंगलुरु से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के एक विमान में एक यात्री की तबीयत बिगड़ गई. मेडिकल इमरजेंसी के चलते विमान को प्राथमिकता के आधार पर लखनऊ में उतारा गया. जांच में यात्री को एंजाइटी की समस्या पाई गई.
भारी बारिश से जलभराव, पानी में बही स्कूटी
पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग जिले में भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया. अचानक हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया. हाट बाजार, 9वां मील और 10वां मील क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहे. कुछ ही मिनटों में सड़कों पर इतना पानी भर गया कि कई साइकिल और स्कूटर बह गए. स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है.
अगले 72 घंटे रहेंगे अहम
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 से 72 घंटे उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए महत्वपूर्ण रहने वाले हैं. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज हवाओं, बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़े: मजबूत वैश्विक संकेतों से हरे निशान में खुला भारतीय शेयर बाजार, जाने सेंसेक्स-निफ्टी का हाल

