West Bengal: पश्चिम बंगाल की सरकार ने विधानसभा चुनाव में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए मानदेय मंजूर किया है. इसके लिए दिशा-निर्देश भी जारी हो गए हैं. सरकार ने इसके लिए कुल 62 करोड़ 55 लाख 90 हजार 650 रुपये मंजूर किए हैं. इसमें अलग-अलग स्तर पर चुनाव ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी और अधिकारी शामिल हैं. चुनाव ड्यूटी के लिए अपने कार्यस्थल से बाहर तैनात पुलिसकर्मियों को भी इस भुगतान के दायरे में रखा गया है.
सभी को दिया जाएगा 10 हजार का मानदेय
32,129 पुलिसकर्मी ऐसे हैं जो अपने कार्यस्थल से बाहर चुनाव ड्यूटी कर रहे हैं. इनमें सेक्टर, नाका, QRT, फ्लाइंग स्क्वॉड और SST में तैनात कर्मी शामिल हैं. इन सभी को 10 हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा. इसके अलावा पुलिस के अलग-अलग चुनाव सेल में काम करने वाले 2,956 लोगों को भी 10 हजार रुपये मिलेंगे. यानी इन दोनों श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए समान राशि तय की गई है.
अलग-अलग रैंक के अधिकारी भी दायरे में
सरकार की ओर से सिर्फ निचले स्तर के पुलिसकर्मियों को ही भुगतान नहीं किया जाएगा. चुनाव ड्यूटी में शामिल अलग-अलग रैंक के अधिकारी भी इसके दायरे में हैं. इसमें DG-IG से लेकर पुलिस कमिश्नर, IG, DIG, पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को भी मानदेय दिया जाएगा. इसके अलावा DSP, SDPO और Assistant Commissioner of Police स्तर के 300 अधिकारियों तथा इंस्पेक्टर स्तर के 416 अधिकारियों को भी इसमें शामिल किया गया है.
पुलिसकर्मियों को भी मानदेय की सूची में रखा
प्रशासनिक स्तर पर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को भी मानदेय की सूची में रखा गया है. थाना स्तर पर OC के 233 पद, Reserve Officer/MTO स्तर के 63 कर्मचारी और प्रशासनिक काम से जुड़े 151 अन्य लोगों को भी इसमें शामिल किया गया है. दूसरे जिलों या सब-डिविजन में चुनाव ड्यूटी करने वाले DSP को 15 दिन तक के लिए 4 हजार रुपये मिलेंगे. इंस्पेक्टर, SI और ASI स्तर के कर्मचारियों के लिए 3 हजार रुपये तय किए गए हैं. कांस्टेबल, लेडी कांस्टेबल और होमगार्ड को 2,500 रुपये मानदेय मिलेगा.
अतिरिक्त सप्ताह के लिए अलग मानदेय
सरकार ने 15 दिन से ज्यादा चुनाव ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए भी अतिरिक्त भुगतान का नियम बनाया है. अगर किसी पुलिसकर्मी की ड्यूटी 15 दिन से अधिक रहती है तो उसकी रैंक के हिसाब से हर अतिरिक्त सप्ताह के लिए अलग मानदेय दिया जाएगा. इस तरह चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारी और ड्यूटी की अवधि के हिसाब से भुगतान मिलेगा. सरकार ने इसके लिए 62 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मंजूर की है.
इसे भी पढ़ें. रूस से पाकिस्तान जा रहे जहाज पर ड्रोन हमला, तेज धमाके के बाद लगी आग, सभी 23 भारतीय नाविक सुरक्षित