पंजाब में बोले अमित शाहः “चिट्टा से परेशान लोगों से मिला, पाताल से ढूंढकर निकालेंगे ड्रग्स माफिया को”

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Amit Shah Punjab: गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब ड्रग्स मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा, “पंजाब की स्थिति बहुत ही खराब है. पंजाब की AAP सरकार को शर्म आनी चाहिए. मैं चिट्टा (ड्रग्स) से परेशान लोगों से मिला. पंजाब की स्थिति जानकर दुख हुआ.”

शाह ने कहा- पंजाब को 2029 तक नशा मुक्त कर देंगे

शाह ने कहा, “2029 तक पंजाब को नशा मुक्त कर देंगे. पंजाब के हर जिले में नशा माफिया है. ड्रग्स माफिया को पाताल से ढूंढकर निकालेंगे.” अमित शाह ने कहा, “आज मैं गुरुदासपुर, संगरुर और मानसा, पंजाब के तीन स्थानों पर जाकर आया हूं. गुरुदासपुर में 40 साल का विक्रमजीत सिंह, संगरुर में गुलजार सिंह और मानसा में परविंदर सिंह झोटा, इन तीनों की नशे के खिलाफ लड़ाई के कारण या तो हत्या हुई है या उन्हें आत्महत्या करनी पड़ी है.”

मैंने अपने आप को कभी इतना दुखी नहीं पायाः शाह

अमित शाह ने कहा, “मैं 30 वर्षों से विधानसभा और लोकसभा में चुनकर आता हूं. कई जगहों पर कई हादसों में मैंने परिवारजनों से मिलने का काम किया और उन्हें सांत्वना दी, लेकिन आज मैं देश और पंजाब की जनता को बताना चाहता हूं कि मैंने अपने आप को कभी इतना दुखी नहीं पाया है.”

शाह ने कहा, “इन तीनों के परिवार से जब मैं मिला, तो वहां चिट्टा के व्यापार से पीड़ित और परेशान लोग भी जमा हुए थे. इन्होंने जो पंजाब की स्थिति बताई, वो दिल्ली के कागजों की रिपोर्ट में जो पढ़ते हैं, उससे कई गुना ज्यादा झकझोर देने वाली है.”

शाह ने AAP पर साधा निशाना

अमित शाह ने आप पर निशाना साधते हुए कहा, “मैं AAP सरकार से पूछना चाहता हूं कि किसी ने बेटा खोया है, किसी ने भाई और पति खोया है, इन सबका यहां की AAP की सरकार के पास क्या जवाब है. बहाना बहाने के अलावा मैंने कोई जवाब नहीं सुना. मैं जब पहले पंजाब आया था तो मैंने नशा मुक्त पंजाब की रैली को संबोधित किया था. मैं नशा के कारोबार को समाप्त करने की अपील करने के लिए आया था. उल्टा मुझ पर ही आरोप मढ़े गए. आज भी मैं दुखी लोगों को सांत्वना देने आया, लेकिन मुझे मेरे नाम के साथ गाली-गलौच किया गया. मैं उनको केवल इतना ही कहना चाहता हूं कि मुझे अपशब्द कहने से कुछ नहीं होगा, लेकिन नशे के कारोबार को तो समाप्त करिए.”

अमित शाह ने कहा, “मैं आप को याद करवाने आया हूं कि आप तीन महीने में नशे के कारोबार खत्म करने का वादा करके पंजाब की गद्दी पर बैठे हो. पांच साल हो गए. कारोबार दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है. यहां तक कि आपके सिपाही भी पकड़े जाते हैं. उनके पास से 10-12 किलो हेरोइन पकड़ी जाती है. जो नशे के कारोबार का विरोध करते हैं, उन्हें आत्महत्या करनी पड़ती है या मार दिया जाता है.” शाह ने कहा, “पंजाब की AAP सरकार को शर्म आनी चाहिए. ये ड्रग्स पुड़िया बनकर पंजाब के युवाओं के पास कैसे पहुंचती हैं?”

Latest News

बिठूर में बोले CM योगी- सिर्फ भाजपा के पास दंगाइयों का उपचार, सपा के नेता भी लेने लगे हैं राम का नाम, इनके इरादे...

Cm Yogi In Kanpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर के बिठूर में अपने संबोधन के दौरान समाजवादी पार्टी पर...

More Articles Like This

Exit mobile version