HCLTech Deal: देश की दिग्गज आईटी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज यानी HCLTech के हाथ एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय डील लगी है. कंपनी ने यूरोप की एक Fortune Global 50 फर्म के साथ 1.14 अरब डॉलर मूल्य का समझौता किया है. इस बड़ी डील के तहत HCLTech आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेटिंग मॉडल तैयार करेगी, जिसके जरिए ग्राहक के ग्लोबल डिजिटल वर्कप्लेस और एंटरप्राइज नेटवर्क को आधुनिक बनाने के साथ उनका प्रबंधन किया जाएगा. डील की खबर सामने आते ही शेयर बाजार में भी कंपनी के स्टॉक में जोरदार तेजी देखने को मिली.
HCLTech ने शुक्रवार को एक्सचेंज फाइलिंग के जरिए इस समझौते की जानकारी दी. कंपनी के मुताबिक, डील की शुरुआती अवधि जुलाई से दिसंबर 2031 तक रहेगी और इसे आगे पांच साल के लिए बढ़ाने का विकल्प भी मौजूद है. शुरुआती अवधि के दौरान समझौते की अनुमानित वैल्यू 1.14 अरब डॉलर है. कंपनी ने फाइलिंग में यह भी कहा कि यह पूरी तरह नया बिजनेस है और इससे उसकी ऑर्डर बुक मजबूत होने की उम्मीद है.
AI के जरिए बदलेगा डिजिटल वर्कप्लेस और नेटवर्क
इस पार्टनरशिप के तहत HCLTech आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके ग्राहक के ग्लोबल डिजिटल वर्कप्लेस और एंटरप्राइज नेटवर्क ऑपरेशन्स को आधुनिक बनाएगी और उनका प्रबंधन करेगी. इसके लिए AI आधारित ऑपरेटिंग मॉडल स्थापित किया जाएगा. यह समझौता ऐसे समय सामने आया है, जब कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े क्षेत्रों में लगातार अपनी रणनीति को आगे बढ़ा रही है. हाल के महीनों में HCLTech ने कई पार्टनरशिप, अधिग्रहण और निवेश की घोषणाएं की हैं. ऐसे में 1.14 अरब डॉलर की यह डील कंपनी की AI रणनीति में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में सामने आई है.
जून में रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी से हुआ था समझौता
इससे पहले जून में HCLTech ने एक रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी के साथ लंबी अवधि का स्ट्रैटेजिक एग्रीमेंट किया था. इस समझौते का उद्देश्य आईटी सेवाओं को एक साथ लाना और AI आधारित ऑपरेशनल बदलाव को आगे बढ़ाना था. इसके अलावा कंपनी ने AI आधारित rApps का इस्तेमाल करके ऑटोनॉमस टेलीकॉम नेटवर्क ऑप्टिमाइजेशन को तेज करने के लिए Nokia के साथ पार्टनरशिप की. HCLTech ने AI-पावर्ड टेलीकॉम सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन विकसित करने के लिए Circles और Grayskies के साथ भी मिलकर काम किया है.
Jaspersoft का अधिग्रहण, Sarvam AI में निवेश
AI और डिजिटल टेक्नोलॉजी से जुड़ी रणनीति के बीच HCLTech ने अधिग्रहण और निवेश के मोर्चे पर भी कदम बढ़ाए हैं. कंपनी ने Cloud Software Group से बिजनेस इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म Jaspersoft को खरीदने की प्रक्रिया पूरी की है. इसके अलावा HCLTech ने सॉवरेन AI स्टार्टअप Sarvam AI के 234 मिलियन डॉलर के Series B फंडिंग राउंड में निवेश किया है. हाल के महीनों में हुई इन पार्टनरशिप, अधिग्रहण और निवेश गतिविधियों के बाद यूरोप की Fortune Global 50 फर्म के साथ हुआ नया समझौता कंपनी की AI रणनीति में एक और बड़ा कदम है.
डील के ऐलान के बाद HCLTech के शेयर में जोरदार तेजी
1.14 अरब डॉलर की मेगा डील के ऐलान का असर HCLTech के शेयर पर भी दिखाई दिया. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE पर शुक्रवार दोपहर 12 बजे कंपनी का शेयर 6.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,145.70 रुपये पर कारोबार कर रहा था. शेयर में यह तेजी ऐसे समय आई, जब बीते एक साल में कंपनी का स्टॉक 30 प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क चुका है. नई अंतरराष्ट्रीय डील की घोषणा के बाद शुक्रवार के कारोबार में निवेशकों की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही और दोपहर तक शेयर 6 प्रतिशत से अधिक चढ़ गया.
यह भी पढ़े: LPG Rate Today: घरेलू सिलेंडर पर राहत का इंतजार जारी, आज भी नहीं घटे दाम, देखें 3 जुलाई के रेट