गाजियाबाद में ‘कोरियन गेम’ का खौफनाक अंजाम, हाथ पकड़कर 9वीं मंजिल से कूदीं 3 सगी बहनें

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Ghaziabad Suicide News: ऑनलाइन गेमिंग की लत किस कदर खतरनाक हो सकती है, इसका दिल दहला देने वाला मामला गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र से सामने आया है. भारत सिटी सोसाइटी के बी-1 टावर की 9वीं मंजिल से कूदकर तीन नाबालिग सगी बहनों ने अपनी जान दे दी. यह घटना मंगलवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों बहनें एक कथित ‘कोरियन लव गेम’ के प्रभाव में थीं. बताया गया है कि पिता द्वारा मोबाइल गेम खेलने से मना करने पर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया.

पुलिस के अनुसार, मृतक बहनों की पहचान निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) के रूप में हुई है, जो फ्लैट नंबर 907 में रहती थीं. रात के समय जब पूरा परिवार सो रहा था, तीनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर बालकनी से छलांग लगा दी. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे, जहां तीनों के शव जमीन पर पड़े मिले.

कोरोना के बाद बदली दुनिया

पिता चेतन कुमार (जो ऑनलाइन ट्रेडिंग करते हैं) ने बताया कि कोरोना काल के बाद से ही तीनों बच्चियों ने स्कूल जाना छोड़ दिया था. वे घर में ही रहती थीं और बाहरी दुनिया से उनका संपर्क कट चुका था. वे दिन-रात मोबाइल पर एक टास्क-बेस्ड गेम खेलती थीं. घटना वाली रात पिता ने उन्हें गेम खेलने पर फटकार लगाई थी और कथित तौर पर मोबाइल खेलने से मना किया था. इसी बात से नाराज होकर उन्होंने यह कदम उठाया.

कोरियन गेम का जानलेवा जाल

बताया जा रहा है कि जिस गेम की लड़कियों को लत लग गई थी, वह एक तरह का ऑनलाइन चैट-आधारित टास्क गेम है. इसमें सामने वाला व्यक्ति खुद को कोरियन या किसी विदेशी देश का बताकर पहले दोस्ती करता है. धीरे-धीरे भरोसा जीतने के बाद अजीब और मानसिक रूप से परेशान करने वाले टास्क दिए जाते हैं. टास्क पूरे न करने पर खिलाड़ियों पर दबाव बनाया जाता है और उन्हें डराने-धमकाने की बात भी सामने आ रही है.

पुलिस को मिले हाथ से लिखे नोट 

एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी. मौके से पुलिस को हाथ से लिखे कुछ दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिन्हें जांच के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. इन कागज़ों से मामले की कड़ियां जुड़ सकती हैं. फिलहाल पुलिस आत्महत्या और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.

अगर मामला मानसिक तनाव या भावनात्मक परेशानी से जुड़ा हो, तो घबराने की ज़रूरत नहीं है. ऐसे समय में किसी भरोसेमंद वयस्क, परिवार के सदस्य या काउंसलर से बात करना बेहद ज़रूरी है. इसके अलावा नीचे दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर भी तुरंत संपर्क किया जा सकता है—

  • iCALL टोल-फ्री हेल्पलाइन: 9152987821
    (सोमवार से शनिवार, सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक)

  • Fortis Stress Helpline: +91 8376804102

  • iCALL Psychosocial Helpline: 9372048501, 9920241248, 8369799513

  • Samaritans Mumbai: 918422984528, 918422984529, 918422984530

Latest News

रूस का यूक्रेन पर ड्रोन और मिसाइलों से बड़ा हमला, ऊर्जा संयंत्र तबाह, जेलेंस्की बोलें-आतंकित करना रूस की रणनीति

Ukraine: रूस ने मंगलवार को ऊर्जा संयंत्रों और पावर ग्रिड को निशाना बनाकर यूक्रेन पर बड़ा हमला किया. इस...

More Articles Like This

Exit mobile version