Bank holiday from June 22 to 28: अगर आप अगले सप्ताह बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. 22 जून से 28 जून 2026 के बीच देश के विभिन्न हिस्सों में बैंक कुल चार दिन बंद रहने वाले हैं. इनमें धार्मिक और क्षेत्रीय पर्वों के अलावा चौथा शनिवार और रविवार की नियमित छुट्टियां भी शामिल हैं. ऐसे में चेक क्लियरेंस, नकदी जमा, डिमांड ड्राफ्ट, पासबुक अपडेट या अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए पहले से योजना बनाना जरूरी हो गया है.
RBI ने जारी की जून महीने की छुट्टियों की सूची
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) हर महीने राष्ट्रीय, धार्मिक और क्षेत्रीय त्योहारों के आधार पर बैंक अवकाश की सूची जारी करता है. जून 2026 के लिए भी छुट्टियों की सूची जारी की गई है, जिसमें विभिन्न राज्यों में अलग-अलग अवसरों पर बैंक बंद रहने वाले हैं. हालांकि सभी छुट्टियां पूरे देश में एक साथ लागू नहीं होंगी, क्योंकि कई अवकाश केवल विशेष राज्यों और शहरों तक सीमित हैं.
22 जून को रथ यात्रा के चलते कई राज्यों में अवकाश
22 जून, सोमवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर ओडिशा, पश्चिम बंगाल और गुजरात के कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे. इस दिन इन राज्यों में बैंक शाखाओं में कोई कामकाज नहीं होगा. यदि इन क्षेत्रों में आपका कोई बैंकिंग कार्य लंबित है, तो उसे पहले ही पूरा कर लेना बेहतर रहेगा.
25 जून को विजयवाड़ा में रहेगा बैंक अवकाश
25 जून, गुरुवार को मुहर्रम के विशेष अवसर पर आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा शहर में बैंक बंद रहेंगे. हालांकि यह अवकाश केवल सीमित क्षेत्र के लिए है और देश के अन्य हिस्सों में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे.
26 जून को मुहर्रम के कारण कई शहरों में बैंक बंद
26 जून, शुक्रवार को मुहर्रम और अशूरा के अवसर पर देश के अधिकांश बड़े शहरों में बैंक बंद रहेंगे. दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु, पटना, जयपुर, भोपाल समेत कई प्रमुख शहरों में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा. इस दिन बैंक से जुड़े जरूरी कार्य प्रभावित हो सकते हैं.
27 जून को चौथे शनिवार की छुट्टी
27 जून, शनिवार को महीने का चौथा शनिवार पड़ रहा है. रिजर्व बैंक के नियमों के अनुसार प्रत्येक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को सरकारी तथा निजी क्षेत्र के सभी बैंक बंद रहते हैं. इसलिए इस दिन पूरे देश में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी.
28 जून को रविवार के कारण रहेगा अवकाश
28 जून, रविवार होने के कारण पूरे देश में सभी बैंक बंद रहेंगे. यह साप्ताहिक अवकाश होगा और किसी भी बैंक शाखा में कामकाज नहीं होगा.
कई राज्यों में लगातार तीन दिन बंद रहेंगे बैंक
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार सहित कई राज्यों के बैंक ग्राहकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. इन राज्यों में 26 जून, 27 जून और 28 जून को लगातार तीन दिन बैंक बंद रहेंगे. ऐसे में यदि आपको नकदी जमा करनी है, चेक क्लियर करवाना है, डीडी बनवाना है या कोई अन्य महत्वपूर्ण बैंकिंग कार्य करना है, तो उसे 25 जून तक ही पूरा कर लेना समझदारी होगी.
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी चालू
बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को परेशान होने की जरूरत नहीं है. नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI, Google Pay, PhonePe, Paytm और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी. ग्राहक पैसे ट्रांसफर करने, बिल भुगतान करने, मोबाइल रिचार्ज कराने और अन्य ऑनलाइन बैंकिंग सुविधाओं का उपयोग बिना किसी रुकावट के कर सकेंगे.
यह भी पढ़े: भगवान राम के अपमान पर बांग्लादेश में सड़कों पर उतरे हजारों हिंदू, सरकार को दी चेतावनी

