एशियाई कप खेलने थाईलैंड पहुंची भारत की अंडर 20 महिला टीम, शुभांगी का दावा-हमने की कड़ी ट्रेनिंग

Bangkok: भारत की 24 सदस्यीय अंडर 20 महिला फुटबॉल टीम थाईलैंड में अगले महीने होने वाले AFC अंडर 20 महिला एशियाई कप से पहले पंद्रह दिन के अनुकूलन शिविर में भाग लेने शुक्रवार को यहां पहुंच गई. भारत दो दशकों के बाद इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा. इससे पहले कप्तान शुभांगी सिंह ने दावा किया था कि यूरोप में एक महीने की कड़ी ट्रेनिंग से टीम वापसी के लिए और भी मजबूत हो गई है.

दो दशक बाद क्वालीफाई

बता दें कि भारतीय टीम ने दो दशक बाद इस टूर्नामेंट के लिये क्वालीफाई किया है. यह टीम दो अप्रैल को जापान के खिलाफ ग्रुप सी के पहले मुकाबले से पूर्व13 दिन अनुकूलन शिविर में भाग लेगी. भारत को पांच अप्रैल को आस्ट्रेलिया से और आठ अप्रैल को चीनी ताइपै से खेलना है. ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और तीसरे स्थान की दो सर्वश्रेष्ठ टीमें क्वार्टर फाइनल खेलेंगी. क्वार्टर फाइनल जीतने वाली टीमें पोलैंड में इस साल होने वाले फीफा अंडर 20 विश्व कप में जगह बनायेंगी.

स्वीडिश कोच के मार्गदर्शन में अभ्यास

भारतीय टीम ने इंडियन वुमैंस लीग के पहले चरण के बाद बेंगलुरू में स्वीडिश कोच जोकिम अलेक्जेंडरसन के मार्गदर्शन में अभ्यास किया है. इसके अलावा स्वीडन में एक महीने का अभ्यास शिविर भी लगा था. भारत ने स्वीडन की सीनियर टीम के खिलाफ पांच दोस्ताना मैच भी खेले. यूरोप से आने के बाद टीम ने कोलकाता में अभ्यास शिविर में भी भाग लिया.

हमने अच्छी तैयारी की

शुभांगी ने कहा, ‘‘हमने अच्छी तैयारी की है. स्वीडन में एक महीना बिताना और यूरोपीय क्लबों के खिलाफ खेलना हमारे लिए एक शानदार अनुभव रहा. वे टीमें हमसे शारीरिक रूप से लंबी और मजबूत थीं इसलिए हमें यह समझने में मदद मिली कि उनका सामना कैसे करना है.’’

भारतीय टीम:

गोलकीपर: मोनालिसा देवी एम, नंदिनी, रिबांसी जामू

डिफेंडर: अलका इंदवार, सिंडी आर कोलनी, निशिमा कुमारी, रेमी थोकचोम, रूचि यादव, सहीना टीएच, शुभांगी सिंह, टी चानू तोइजाम.

मिडफील्डर: अंजू चानू कायेनपेइबाम, अरिना देवी एन, भूमिका देवी, मोनिशा सिंघा, नेहा, पूजा, श्रुति कुमारी.

फॉरवर्ड: बबीता कुमारी, दीपिका पाल, लिंगदेइकिम, शिलजी शाजी, सिबानी देवी एन, सुलांजना राउल.

इसे भी पढ़ें. दक्षिण कोरिया के ऑटो पार्ट्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 50 से ज्यादा लोग झुलसे, इनमें 35 की हालत गंभीर

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version