Ali Khamenei Funeral: ईरान के पूर्व सु्प्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम विदाई की रस्में शुरू हो गई हैं. 28 फरवरी को अमेरिकी हमले में मारे जाने के बाद अयातुल्ला अली खामेनेई का के पार्थिव शरीर को फोरेंसिक मोर्चरी के रेफ्रिजरेटेड कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखा गया था. वहीं, अब सीजफायर की घोषणा के बाद खामेनेई को नम आंखों से विदा किया जा रहा है.
बता दें कि 3 जुलाई को खामेनेई का अंतिम संस्कार के कार्यक्रम शुरू हुए. जिसमें कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं. खामेनेई के पार्थिव शरीर को अभी ईरान की राजधानी तेहरान की ग्रैंड मोसाला मस्जिद में रखी गई है. जहां देश-विदेश से पहुंचे प्रतिनिधि उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. खामेनेई की अंतिम विदाई और राजकीय अंतिम संस्कार के लिए खास तैयारियां की गई है. उनके पार्थिव शरीर को ईरान और इराक के 5 प्रमुख शहरों तेहरान, कोम, नजफ, कर्बला और मशहद में ले जाया जाएगा.
दो देश, 5 शहर, 7 दिन खामेनेई की विदाई का पूरा शेड्यूल
1. तेहरान – ईरान की राजधानी तेहरान में 3 जुलाई से खामेनेई की अंतिम विदाई की रस्में शुरू हुई. खामेनेई, उनकी पत्नी, बेटी, दामाद और 14 माह की पोती के ताबूतों को अंतिम दर्शन के लिए तेहरान की ग्रैंड मोसाला मस्जिद (Grand Mosallah) में रखा गया है. यहां आम जनता और 100 से अधिक देशों के विदेशी मेहमान और प्रतिनिधि उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. तीन दिन तक खामेनेई का जनाजा यहीं रखा जाएगा. 6 जुलाई को तेहरान के विभिन्न हिस्सों से खामेनेई की अंतिम यात्रा निकाली जाएगी. जिसमें लाखों लोग शामिल होंगे.
2. कोम- चौथे दिन तेहरान से खामेनेई का पार्थिव शरीर कोम ले जाया जाएगा. 7 जुलाई को यह कोम पहुंचेगा. कोम शिया इस्लाम की शिक्षा के प्रमुख केंद्र है, यहां खामेनेई की अंतिम विदाई से जुड़ी कई धार्मिक रस्में निभाई जाएंगी.
3. नजफ- कोम के बाद खामेनेई का पार्थिव शरीर इराक ले जाया जाएगा. 8 जुलाई को खामेनेई का ताबूत इराक के पवित्र शहर नजफ ले जाया जाएगा. नजफ शिया समुदाय के सबसे पवित्र स्थलों में से एक है. यहां इमाम अली दरगाह में सार्वजनिक अंतिम यात्रा निकाली जाएगी.
4. कर्बला- नजफ के बाद खामेनेई का पार्थिव शरीर इराक के पवित्र शहर कर्बला में लाया जााएगा. जहां इमाम हुसैन और उनके भाई अब्बास की पवित्र दरगाहों पर खामेनेई का अंतिम जुलूस निकाला जाएगा.
5. मशहद- इसके बाद, 9 जुलाई को सभी धार्मिक यात्राओं के बाद खामेनेई के पार्थिव शरीर को वापस ईरान के उत्तर-पूर्वी शहर मशहद में लाया जाएगा. बता दें कि मशहद खामेनेई का गृह जिला है. 9 जुलाई को ही उन्हें मशहद की ऐतिहासिक और पवित्र इमाम रजा दरगाह परिसर में सुपुर्द-ए-खाक (दफनाया) किया जाएगा.
इन 5 शहरों को ही क्यों चुना गया?
दरअसल, ईरान, इराक की ये पांचों शहरें इस्लामिक मान्यता और खास कर शिया समुदाय के पवित्र केंद्र हैं. ऐसे में वर्षो तक दुनिया के सबसे बड़े शिया धर्मगुरु रहे ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के पार्थिव शरीर को इन सभी जगहों पर ले जाया जाएगा. अमेरिका, इजरायल के साथ चले भीषण जंग के बाद हो रहे इस कार्यक्रम के जरिए ईरान दुनिया को अपनी ताकत भी दिखाएगा.
डेढ़ से दो करोड़ लोग होंगे शामिल
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, खामेनेई का अंतिम संस्कार अपने तरह का दुनिया के सबसे अलग और बड़ा आयोजन हो सकता है, जिसमे डेढ़ से दो करोड़ लोगों के शामिल होने का अनुमान है. खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने तेहरान आ रहे आम लोगों के लिए मेट्रो और सरकारी बसें मुफ्त की गई है. बाहर के आए लोगों के लिए होटल के किराए की कम कर दिए गए हैं. स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं. स्कूल और मस्जिदों में भी लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है.

