Bangladesh Election: चुनाव के बीच हिंसा जारी, BNP नेता की झड़प में मौत, जमात-ए-इस्लामी पर धक्का देने का आरोप

Bangladesh Election: बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान जारी है. इसे देश के इतिहास का सबसे अहम राजनीतिक मोड़ माना जा रहा है. इसी बीच देश के खुलना में एक मतदान केंद्र के बाहर हुई झड़प के दौरान BNP के एक नेता की मौत हो गई है. उसकी पहचान 55 वर्षीय मोहिबुज्ज़मान कोची के रूप में हुई है जो पार्टी की स्थानीय इकाई से जुड़े रहे थे.

सिर पेड़ से टकराया और मौत हो गई

BNP ने आरोप लगाया है कि जमात-ए-इस्लामी के एक नेता द्वारा धक्का दिए जाने से उनका सिर पेड़ से टकराया और मौत हो गई. वहीं जमात पक्ष का कहना है कि अफरा-तफरी के बीच उनकी तबीयत बिगड़ी और वे गिर पड़े. घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है.

धांधली, धमकी और दमन के आरोप

मतदान के बीच कई विवाद भी सामने आए हैं. आवामी लीग ने चुनाव को दिखावा बताते हुए धांधली, धमकी और दमन के आरोप लगाए. कुछ जगह पोलिंग एजेंटों को रोकने और पत्रकार पर हमले की खबर आई. मुंशीगंज में मतदान केंद्र के बाहर धमाका हुआ, जबकि ढाका और खुलना में झड़पों की घटनाएं सामने आईं.

इस चुनाव पर देश-दुनिया की नजर

2024 के छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना सरकार के हटने और प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस की अंतरिम व्यवस्था बनने के बाद हो रहे इस चुनाव पर देश-दुनिया की नजर है. संसद के गठन के साथ 84 बिंदुओं वाले सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह भी कराया जा रहा है, जिससे राजनीतिक ढांचे में बड़े बदलाव संभव हैं.

299 सीटों पर मतदान जारी

सुबह 7.30 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 4.30 बजे तक जारी रहेगी. 299 सीटों पर मतदान हो रहा है और दोपहर तक करीब 32.88% वोट पड़ने की जानकारी चुनाव आयोग ने दी. कई केंद्रों पर सुबह से लंबी कतारें दिखीं और युवाओं में खास उत्साह नजर आया, क्योंकि लाखों लोग पहली बार मतदान कर रहे हैं.

शांतिपूर्ण भागीदारी की अपील

अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने इसे नए बांग्लादेश का जन्मदिन बताते हुए शांतिपूर्ण भागीदारी की अपील की. जबकि सेना प्रमुख ने भी नागरिकों से बिना डर वोट डालने को कहा. BNP प्रमुख तारिक रहमान और जमात नेता शफीकुर रहमान समेत कई बड़े नेताओं ने वोट डाला. BNP ने जीत का भरोसा जताते हुए जल्दी परिणाम घोषित करने की मांग भी की. छात्र समूहों ने मतदाताओं से ईमानदार उम्मीदवार चुनने की अपील की.

इसे भी पढ़ें. संभल में बुलडोजर प्रहार: कड़ी सुरक्षा के बीच मदरसा और कई घरों को किया गया ध्वस्त

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version