Bangladesh lifts IPL broadcast ban: बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में IPL के प्रसारण पर लगाया गया बैन हटा दिया है. बता दें कि IPL 2026 की शुरुआत शनिवार से होने जा रही है. नवनियुक्त सूचना और प्रसारण मंत्री जहीर उद्दीन स्वपन ने कहा कि बांग्लादेश में आगामी IPL सीजन के प्रसारण पर कोई रोक नहीं है. आईपीएल प्रसारण के लिए किसी ने भी हमसे आवेदन नहीं किया है.
हम खेल में राजनीति को नहीं मिलाना चाहते
स्वपन ने कहा कि हम खेल में राजनीति को नहीं मिलाना चाहते. हम इसे एक व्यावसायिक नजरिए से देखेंगे. अगर कोई चैनल आईपीएल के प्रसारण के लिए आवेदन करता है तो हम उस पर सकारात्मक रूप से विचार करेंगे. इससे पहले युवा और खेल मामलों के राज्य मंत्री अमीनुल हक ने बताया था कि वह पिछली अंतरिम सरकार की ओर से आईपीएल प्रसारण पर बैन लगाए जाने के बाद इसके संबंध में संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे.
हम किसी को भी प्रसारण से नहीं रोकेंगे
जब पूछा गया कि क्या स्टार स्पोर्ट्स आईपीएल का प्रसारण कर सकता है तो स्वपन ने ऐसा होने के संकेत देते हुए कहा कि हम किसी को भी इसके प्रसारण से नहीं रोकेंगे. अगर स्टार स्पोर्ट्स इसका प्रसारण करना चाहता है तो वह कर सकता है. अगर हमारे चैनलों में से कोई इसका प्रसारण करना चाहता है तो हम इसे सकारात्मक रूप से लेंगे, लेकिन हम किसी पर कोई जोर-जबरदस्ती नहीं करेंगे.
सरकार की ओर से नहीं मिला कोई निर्देश
बांग्लादेश के केबल ऑपरेटर्स एसोसिएशन के कार्यालय सचिव रेजाउल करीम लबलू का कहना है कि वे स्टार स्पोर्ट्स को आईपीएल का प्रसारण करने से नहीं रोकेंगे, क्योंकि इस संबंध में सरकार की ओर से कोई निर्देश नहीं मिला है. आईपीएल 2026 का पहला मैच 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा.
दूसरे फेज का शेड्यूल जारी
इसके अगले दिन मुंबई इंडियंस (MI) की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना करेगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कुछ दिनों पहले इस सीजन के दूसरे फेज का शेड्यूल जारी किया है. लीग चरण के मुकाबले 24 मई तक खेले जाने हैं. प्लेऑफ मुकाबलों का शेड्यूल कुछ दिनों में जारी किए जाने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें. CSK को लगा तगड़ा झटका, MS Dhoni नहीं खेलेंगे IPL 2026 के शुरुआती मुकाबले