चीन में चक्रवात ‘नौल’ को लेकर रेड अलर्ट! अब तक की सबसे उच्च स्तर की चेतावनी, 410 से अधिक उड़ानें रद्द

Beijing: चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने चक्रवात ‘नौल’ के गुआंगदोंग प्रांत में तट के करीब पहुंचने के मद्देनजर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है जो देश की चक्रवात चेतावनी प्रणाली में सबसे उच्च स्तर की चेतावनी है. इस दौरान 410 से अधिक उड़ानें और 150 तेज रफ्तार रेल सेवाएं रद्द कर दी गईं. गृह मामलों के विभाग ने संभावित चक्रवात को देखते हुए 28 आश्रय स्थल भी खोल दिए हैं.

गुआंगदोंग प्रांत के तट से टकराने का अनुमान

राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार देर रात जारी चेतावनी में कहा कि इस वर्ष के 12वें चक्रवात ‘नौल’ के दक्षिणी चीन के गुआंगदोंग प्रांत के तट से टकराने का अनुमान है. केंद्र ने बताया कि शनिवार देर रात चक्रवात का केंद्र गुआंगदोंग के हुइझोउ शहर में हुइदोंग काउंटी से करीब 100 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में समुद्र में था. चक्रवात के केंद्र के पास हवाओं की तीव्रता अधिकतम स्तर ‘फोर्स 14’ तक पहुंच गई थी.

20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार

केंद्र ने अनुमान जताया कि चक्रवात ‘नौल’ करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा तथा इस दौरान और शक्तिशाली होगा. सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, तट से टकराने के बाद चक्रवात के उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है. इससे पहले शनिवार को राष्ट्रीय बाढ़ नियंत्रण एवं सूखा राहत मुख्यालय ने गुआंगदोंग प्रांत में बाढ़ और चक्रवात से निपटने की आपात प्रतिक्रिया को बढ़ाकर तीसरे स्तर पर कर दिया था.

चौथे स्तर की आपात प्रतिक्रिया शुरू

वहीं, जियांग्शी और हुनान प्रांतों में बाढ़ से निपटने के लिए चौथे स्तर की आपात प्रतिक्रिया शुरू की गई. चीन में चक्रवातों के लिए चार स्तर वाली रंग आधारित मौसम चेतावनी प्रणाली है. इसमें लाल रंग सबसे गंभीर चेतावनी का संकेत है. इसके बाद नारंगी, पीला और नीला रंग आता है. हांगकांग में मौसम विभाग के अधिकारियों ने चक्रवात ‘नौल’ के करीब पहुंचने के मद्देनजर शनिवार को आपात उपाय शुरू कर दिए.

इसे भी पढ़ें. बालेन सरकार ने खत्म किया 10 साल पुराना प्रतिबंध, अब नेपाल में भी चलेंगे भारत के ₹200 और ₹500 के नोट

More Articles Like This

Exit mobile version