New Delhi: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन को साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया. इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी शानदार वापसी पर भी मुहर लग गई. रॉबिन्सन करीब दो साल से अधिक समय तक इंग्लैंड की चयनकर्ताओं की योजनाओं से बाहर रहे थे. हालांकि, इस साल उन्होंने दमदार प्रदर्शन करते हुए टीम में यादगार वापसी की. 32 वर्षीय तेज गेंदबाज रॉबिन्सन ने न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैचों में शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने चार टेस्ट मैचों में 28 विकेट हासिल किए.
असाधारण प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित सम्मान
इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत महज 9.32 रहा. उनके इसी असाधारण प्रदर्शन के लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया. लॉर्ड्स में आयोजित वाइटैलिटी क्रिकेट मीडिया क्लब अवॉर्ड्स में सदस्यों ने रॉबिन्सन को साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना. उन्हें इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बॉब विलिस के नाम पर दिया जाने वाला पुरस्कार मिला. रॉबिन्सन ने पुरस्कार मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पुरस्कार हासिल करना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है.
इस सफर में कुछ मुश्किल पल भी आए
इंग्लैंड टीम से लंबे समय तक दूर रहने के बाद वापसी करना और इस गर्मी में जैसा प्रदर्शन रहा, वह मेरे लिए बेहद खास है. उन्होंने आगे कहा कि इस सफर में कुछ मुश्किल पल भी आए, इसलिए इस तरह का सम्मान मिलना मेरे लिए और भी ज्यादा मायने रखता है. इंग्लैंड के लिए दोबारा खेलना मुझे बेहद पसंद आया है और उम्मीद है कि आगे भी ऐसे कई मौके मिलेंगे. मिडिलसेक्स के तेज गेंदबाज नाव्या शर्मा जो भारतीय मूल के हैं उनको साल का सर्वश्रेष्ठ युवा क्रिकेटर चुना गया.
शानदार सीजन के बाद यह सम्मान मिला
फिलहाल वह इंग्लैंड लायंस टीम के साथ वेस्टइंडीज दौरे पर हैं. शानदार सीजन के बाद उन्हें यह सम्मान मिला है. रॉबिन्सन आने वाले समय में इंग्लैंड के टेस्ट कार्यक्रम में अहम भूमिका निभा सकते हैं. इंग्लैंड को दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश का दौरा करना है. इसके अलावा मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक 150वां टेस्ट मैच भी खेलना है.
इसे भी पढ़ें. भाजपा की पदयात्रा: CM योगी बोले- सपा के ‘बबुआ’ को कोई समझाए कि लोकतंत्र में बदला नहीं, बदलाव होता है

