T-20 वर्ल्ड कप के दौरान टिकटों की कालाबाजारी के रैकेट का भंडाफोड़, पूर्व क्रिकेटर गिरफ्तार

Mumbai: हाल ही में हुए T-20 वर्ल्ड कप के दौरान टिकटों की कालाबाजारी की जांच की आंच अब मुंबई के क्रिकेट गलियारों तक पहुंच गई है. मुंबई पुलिस ने टिकटों के एक बहुत बड़े रैकेट का खुलासा किया है, जिसका मुख्य चेहरा मुंबई की अंडर-19 टीम का पूर्व खिलाड़ी बलवंत सिंह सोधा है. पुलिस ने आरोप में गिरफ्तार किया है. मैदान में चौके-छक्के लगाने वाला 26 वर्षीय सोधाथा अब कोचिंग दे रहा था.

टिकटों को भारी-भरकम कीमत पर किया गया ब्लैक

जांच में पता चला है कि 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच हुए हाई-प्रोफाइल सेमीफाइनल मैच के टिकटों को उसने और उसके साथियों ने ऊंचे दामों पर बेचा था. इस खेल में मुनाफ़ा इतना ज्यादा था कि टिकटों को 25,000 से लेकर 35,000 रुपये तक की भारी-भरकम कीमत पर ब्लैक किया गया. पुलिस अब तक इस मामले में कुल छह लोगों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है.

गिरोह में स्पोर्ट्स टीचर और कर्मचारी भी शामिल

चौंकाने वाली बात यह है कि इस गिरोह में स्पोर्ट्स टीचर और कॉलेज के गैर-शिक्षण कर्मचारी भी शामिल थे. शक की सुई मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के उन कॉम्प्लिमेंट्री पासों की तरफ घूम रही है, जो क्लब के सदस्यों और मेहमानों के लिए होते हैं. माना जा रहा है कि इन्हीं पासों का फायदा उठाकर इन्हें बाजार में अवैध तरीके से खपाया गया. पकड़े गए आरोपियों ने ग्राहकों को फंसाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और सीधा संपर्क साधकर टिकट बेचे.

कहां-कहां जुड़े हैं इस सिंडिकेट के तार

फिलहाल बलवंत सिंह सोधा पुलिस की हिरासत में है और डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम इस बात की तह तक जाने में जुटी है कि इस सिंडिकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं. इस घटना से सबक लेते हुए बेंगलुरु पुलिस ने IPL के उद्घाटन मैच को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के आस-पास सुरक्षा व्यवस्था ऐसी है कि परिंदा भी पर न मार सके.

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मॉक ड्रिल

पुलिस ने साफ़ कर दिया है कि जिनके पास असली और वैध टिकट नहीं हैं, वे स्टेडियम के पास भी न फटकें. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महीनों से मॉक ड्रिल और प्लानिंग चल रही है. हालांकि, दर्शकों की सहूलियत के लिए मेट्रो और बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं, लेकिन सुरक्षा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है.

इसे भी पढ़ें. ‘हम दो ऐसे व्यक्ति हैं जो काम को अंजाम देते हैं’, मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच ट्रंप ने की PM Modi की…

Latest News

₹12,999 में Redmi का ‘धाकड़’ 5G फोन लॉन्च, बारिश में भी नहीं होगा खराब

Redmi 15A 5G भारत में लॉन्च, कीमत ₹12,999 से शुरू. इसमें 6300mAh बैटरी, 120Hz डिस्प्ले और 32MP कैमरा जैसे दमदार फीचर्स दिए गए हैं.

More Articles Like This

Exit mobile version