CWG 2026: वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह चनामबम ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को दूसरा मेडल दिलाया है. ग्लासगो में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स में ऋषिकांत चनामबम ने पुरुषों की 60 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा के फाइनल में देश को गौरवान्वित करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. यह इन खेलों में भारत का कुल दूसरा पदक है. दिलचस्प बात यह है कि कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीतने वाले ऋषिकांत सिंह मणिपुर के पहले पुरुष वेटलिफ्टर हैं.
मीराबाई चानू पर टिकी निगाहें
अब सभी खेल प्रेमियों की निगाहें दिन की मुख्य आकर्षण और ओलंपिक पदक विजेता स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू पर टिकी हैं. ऋषिकांत ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क दोनों कैटेगरी को मिलाकर कुल 264 किलोग्राम का वजन उठाया और पोडियम पर दूसरा स्थान हासिल किया. इस मुकाबले में ऋषिकांत सिंह चनामबम का प्रदर्शन बेहद यादगार रहा. उन्होंने स्नैच स्पर्धा में 121 किलोग्राम का भार उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों का एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया.
थोड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा
इसके बाद क्लीन एंड जर्क राउंड में उन्हें थोड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, जहां वे अपने एकमात्र सफल प्रयास में 143 किलोग्राम वजन ही उठा सके. हालांकि, स्नैच में बनाए गए रिकॉर्ड और कुल 264 किग्रा के स्कोर के दम पर वे भारत के लिए रजत पदक पक्का करने में कामयाब रहे. लॉन बॉल्स में भारत को निराशा हाथ लगी. महिला युगल (वुमेन्स पेयर्स) स्पर्धा में भारतीय टीम को नामीबिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा. इस हार के बावजूद भारतीय टीम की उम्मीदें खत्म नहीं हुई हैं और वे अभी भी सेमीफाइनल में क्वालीफाई करने की रेस में बनी हुई हैं.
तीसरा स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से मंच पर उतरेंगी चानू
ओलंपिक पदक विजेता स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से मंच पर उतरेंगी. इसके अलावा भारत भारोत्तोलन की अन्य श्रेणियों में भी दो और पदक हासिल करने की मजबूत स्थिति में है, जिससे इन खेलों में भारत के पदकों की संख्या और बढ़ने की पूरी संभावना है.
इसे भी पढ़ें. श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, ऑलराउंडर सुंदर टेस्ट मैच से बाहर रेड्डी-हर्षित पर भी संशय