पाकिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ का कहर, 22 की मौत 183 जख्मी

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Pakistan heavy rain: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त वयस्त हो गई है. बीते 24 घंटों के दौरान बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में दो बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हुए हैं. साथ ही कई मकानों को नुकसान पहुंचा है और बड़ी संख्या में पशुधन की भी मौत हुई है. प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) के अनुसार, अधिकतर मौतें डूबने और मकानों की छत या दीवार गिरने के कारण हुई हैं. वहीं, कई लोग छत गिरने और करंट लगने की घटनाओं में घायल हुए हैं.
बता दें कि इस बारिश का लाहौर में सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिला. यहां गढ़ी शाहू रेलवे कॉलोनी, बॉबी प्लाजा, सग्गियां पिंड और काहना इलाके में छत गिरने की चार अलग-अलग घटनाओं में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए. जबकि कसूर जिले में अड्डा ढिंग शाह के पास एक मकान की छत गिरने से एक व्यक्ति और एक बच्चे की जान चली गई. इस हादसे में एक महिला और दो बच्चों समेत तीन अन्य लोग घायल हुए.

इंफ्रास्ट्रक्चर पर बारिश की मार

इसके अलावा, फैसलाबाद में भारी बारिश के कारण मकान की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई. वहीं गुजरांवाला के पठान कॉलोनी के पास खेतों में भरे बारिश के पानी में डूबने से एक बच्चे की जान चली गई. बहावलनगर में मकान की छत गिरने से तीन लोग घायल हुए, जबकि बारिश के दौरान बिजली के खंभे की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया. नारोवाल में छत गिरने से दो महिलाएं घायल हुईं, वहीं सियालकोट में भी एक महिला इसी तरह के हादसे में घायल हुई. इसके अलावा ननकाना साहिब और शेखूपुरा में छत गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन महिलाएं घायल हुईं. वहीं ओकारा में भारी बारिश के कारण पशुओं का शेड गिरने से दो लोग घायल हो गए.

22 लोगों की मौत, 183 जख्मी

इसी बीच पीडीएमए के महानिदेशक ने बताया कि पंजाब में अब तक बारिश से जुड़े हादसों में 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 183 लोग घायल हुए हैं. वहीं, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भी भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. रिपोर्ट के मुताबिक, 19 जुलाई से अब तक वहां 20 लोगों की मौत हो चुकी है और 19 अन्य घायल हुए हैं. मृतकों में 8 बच्चे, 7 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं. बता दें कि लगातार हो रही बारिश और बाढ़ से कई जिलों में मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है.

 

More Articles Like This

Exit mobile version