IPL 2026: लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है. जानकारी के मुताबिक, आईपीएल 2026 में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उन्होंने यह निर्णय लिया है. फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को आधिकारिक बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की. टीम प्रबंधन ने बताया कि पंत ने खुद कप्तानी की जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया था, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया.
अभी तक आधिकारिक एलान नहीं
हालांकि, फ्रेंचाइजी की ओर से नए कप्तान के नाम का अभी तक आधिकारिक एलान नहीं किया गया है. आने वाले दिनों में टीम प्रबंधन नए नेतृत्व को लेकर फैसला ले सकता है. लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया है. फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि ऋषभ ने कप्तानी की जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया था, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है.
फ्रेंचाइजी से कप्तानी छोड़ने का अनुरोध
फ्रेंचाइजी के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंत ने खुद टीम प्रबंधन से कप्तानी छोड़ने की इच्छा जताई थी और टीम ने उनके निर्णय का सम्मान किया है. टॉम मूडी ने अपने बयान में कहा, ‘ऋषभ पंत ने फ्रेंचाइजी से कप्तानी छोड़ने का अनुरोध किया और हमने सम्मानपूर्वक इसे स्वीकार किया. ऐसे फैसले कभी आसान नहीं होते. कप्तान के रूप में ऋषभ ने ड्रेसिंग रूम के लिए जो योगदान दिया है, उसके लिए हम आभारी हैं. अब हमारा पूरा फोकस टीम के पुनर्निर्माण और बेहतर प्रदर्शन पर है.’
लखनऊ सुपर जाएंट्स ने रिकॉर्ड 27 करोड़ में खरीदा
ऋषभ पंत को आईपीएल 2025 की नीलामी में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा था. फ्रेंचाइजी को उनसे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन कप्तान के तौर पर उनका कार्यकाल उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका. आईपीएल 2026 में लखनऊ की टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा. टीम 14 मैचों में सिर्फ चार जीत हासिल कर पाई और अंक तालिका में सबसे नीचे रही. इससे पहले आईपीएल 2025 सीजन में भी टीम ने 14 में से केवल छह मुकाबले जीते थे. इस तरह पंत की कप्तानी में लखनऊ ने कुल 28 मैचों में सिर्फ 10 जीत दर्ज की।
पंत का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी प्रभावित
कप्तानी के साथ-साथ ऋषभ पंत का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी प्रभावित हुआ. आईपीएल 2025 में उन्होंने 14 मैचों में 269 रन बनाए थे, जबकि आईपीएल 2026 में उनके बल्ले से 312 रन निकले. हालांकि, उनकी पारियों में निरंतरता की कमी साफ नजर आई. फिलहाल लखनऊ सुपर जाएंट्स ने नए कप्तान के नाम का ऐलान नहीं किया है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में फ्रेंचाइजी टीम के नए नेतृत्व को लेकर बड़ा फैसला ले सकती है.
इसे भी पढ़ें. गाजीपुर प्रेस क्लब करेगा भारत एक्सप्रेस के CMD उपेंद्र राय का सम्मान, मिलेगा ‘पत्रकारिता शिखर सम्मान 2026’

