Iran US War: अमेरिका के ईरान के बुशहर, बंदर अब्बास, सिरिक और चाबहार में हमले का ईरान ने भी करारा जवाब दिया है. ईरान ने कतर, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन पर जोरदार हमले किए हैं, साथ ही ईरान की आईआरजीसी ने होर्मुज को भी अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है.
बता दें कि ईरान का ये हमला सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे और सुपुर्द-ए-खाक की रस्म के बाद की गई है. दरअसल, बीते दिन ईरान के मौजूदा सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि वह अमेरिका से खून का बदला लेंगे.
लोगों से की जा रही अपील
इसी बीच संयुक्त अरब अमीरात का भी बयान सामने आया है. उनका कहना है कि उसके एयर डिफेंस ईरान से आने वाली मिसाइलों और ड्रोन हमलों से पूरी ताकत से लड़ रहे हैं. यूएई के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक देश भर में सुनाई देने वाले धमाके उसके डिफेंस सिस्टम की तरह से मिसाइलों और ड्रोन को रोकने की आवाज है.
वहीं कतर के गृह मंत्रालय ने कहा कि देश में सुरक्षा को बहुत ज्यादा खतरा है और सभी से अपने घरों के अंदर या सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील है.साथ ही मंत्रालय ने लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और गैर-जरूरी रूप से कहीं आने-जाने से बचने को कहा है.
इसके अलावा, बहरीन के गृह मंत्रालय ने एयर रेड सायरन चालू कर दिए हैं. साथ ही लोगों से कहा गया कि “नागरिकों और निवासियों से शांत रहने और सबसे पास की सुरक्षित जगह पर जाने की अपील की जाती है.”
IRGC ने पड़ोसी देशों पर हमले की दी थी चेतावनी
बता दें कि IRGC ने पड़ोसी देशों पर हमले से पहले ही चेतावनी दी थी कि अमेरिका के हमलों का पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा. होर्मुज में जहाज पर हमले के बाद IRGC की नेवी ने एक बयान में कहा कि “एक जहाज जिसने अपने सिस्टम बंद करके समुद्री सुरक्षा को खतरे में डाला था, उस पर हमला हुआ और उसे रोक दिया गया. इस घटना पर किसी भी बदले की कार्रवाई का कड़ा जवाब दिया जाएगा.”