Marco Rubio: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ट्रंप प्रशासन छोड़ने और 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी पर विचार करने वाले खबरो को सिरे से खारिज किया हैं. रुबियो ने स्पष्ट रूप से कहा है कि ट्रंप प्रशासन में बने रहना ही उनकी योजना है, वो फिलहाल 2028 के चुनाव को लेकर कोई चर्चा नहीं करना चाहते.
ट्रंप प्रशासन छोड़ने की खबरों का खंडन
मार्को रुबियो ने एक साक्षात्कार में कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक प्रशासन में काम करना ‘हमेशा से उनकी योजना’ रही है. इसके साथ ही उन्होंने उन रिपोर्टों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि वह ट्रंप प्रशासन से बाहर निकलने पर विचार कर रहे हैं. रुबियो ने कहा कि ‘सच कहूं तो मुझे नहीं पता ऐसी बातें कहां से आती हैं.’
2028 के चुनाव पर बोलने से किया इनकार
बता दें कि मार्को रुबियो को लंबे समय से 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के संभावित रिपब्लिकन दावेदारों में गिना जाता है. हालांकि उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि ‘मैं 2028 के बारे में अब बिल्कुल बात नहीं करूंगा.’ रुबियो ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान वर्तमान जिम्मेदारियों पर है.
‘मुझे अपना काम पसंद है’
विदेश मंत्री रुबियो ने कहा कि उन्हें अपना काम पसंद है और प्रशासन छोड़ने की बातें उन्हें हैरान करती हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि ‘जब लोग कहते हैं कि वह अपना पद छोड़ने वाले हैं तो मैं पूछता हूं, कौन-सा पद?’
दरअसल, मार्को रुबियो ट्रंप प्रशासन में दो महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं. वह अमेरिका के विदेश मंत्री होने के साथ-साथ राष्ट्रपति ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भी हैं. रिपोर्टों के अनुसार, मिडटर्म चुनावों से ठीक पहले चुनाव प्रचार के दौरान एक रैली में उन्होंने समर्थकों की भीड़ को संबोधित भी किया था. इसी वजह से उनके राजनीतिक भविष्य और संभावित राष्ट्रपति पद की दावेदारी को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं.
ब्लूमबर्ग रिपोर्ट के बाद चला अटकलों का दौर
इससे पहले ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में दावा किया था कि रुबियो ट्रंप प्रशासन छोड़ने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं. उन्होंने व्हाइट हाउस के अधिकारियों से पद छोड़ने की संभावना पर चर्चा की थी और उन्हें प्रशासन में बने रहने के लिए कहा गया था. हालांकि इन दावों का अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने जोरदार खंडन किया.
विदेश मंत्रालय का जवाब
ग्लोबल पब्लिक अफेयर्स के सहायक विदेश मंत्री डिलन जॉनसन ने ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट को ‘पूरी तरह मनगढ़ंत’ बताया. उन्होंने द इंडिपेंडेंट की उस रिपोर्ट को भी खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि रुबियो 2028 में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की दावेदारी शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं. जॉनसन ने उस रिपोर्ट को ‘पूरी तरह निराधार फेक न्यूज’ करार दिया.