Sydney: ऑस्ट्रेलिया सरकार ने देश में पंजाबियों सहित भारतीयों को डराने वाले संगठन को हमेशा के लिए बैन कर दिया है. साथ ही इस संगठन से जुड़ने वाले, इसका प्रचार करने वाले और इसे फंडिंग देने वाले को 15 साल की जेल हो सकती है. यह न्यू नाजी संगठन देश में रह रहे गैर-श्वेत लोगों के प्रति देशवासियों में नफरत फैलाता था और नस्लीय टिप्पणियां करता था. इतना ही नहीं भारतीयों सहित सभी गैर-श्वेत समुदाय के लोगों को डराता-धमकाता भी था.
कई नफरत-विरोधी कानून पारित
कैंप सॉवरेन्टी हिंसा के बाद और देश में बिगड़ रहे माहौल को देखते हुए सरकार ने देश में कई नफरत-विरोधी कानून पारित किए. इन कानूनों के तहत गृह मंत्री टोनी बर्क ने इस संगठन को देश विरोधी और नफरत फैलाने वाला घोषित कर हमेशा के लिए बैन कर दिया. इस फैसले से देश में रहने वाले पंजाबियों सहित सभी भारतीयों, अप्रवासियों और अन्य समुदायों के लोगों को भी राहत मिली है.
हिटलर की नाज़ी विचारधारा से प्रेरित
न्यू नाजी संगठन 2020 में बना था. यह एक ऐसा संगठन है जो एडॉल्फ हिटलर की नाज़ी विचारधारा से प्रेरित है. इस संगठन का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया सिर्फ श्वेत लोगों के लिए है और भारतियों सहित सभी गैर-श्वेत लोगों का देश पर कोई अधिकार नहीं है. इस संगठन का लक्ष्य था कि सभी अप्रवासियों और गैर-श्वेत समुदाय के लोगों को देश से बाहर निकाला जाए. संगठन सोशल मीडिया और रैलियों द्वारा नफरत भरी अपनी विचारधारा का प्रचार करता था.
गैर-श्वेत समुदायों को डराता-धमकाता था संगठन
इसके अलावा देश में रहने वाले भारतीयों सहित सभी गैर-श्वेत समुदायों को डराता-धमकाता था. उक्त संगठन देश में हिंसक माहौल बनाने की कोशिशों में जुटा था, इसलिए सरकार ने एक्शन लेते हुए इस नफरत फैलाने वाले संगठन को हमेशा के लिए बैन कर दिया. इस संगठन में ऑस्ट्रेलिया में रह रहे पंजाबी समुदाय को भी कई बार टारगेट किया है. मई 2023 में संगठन ने अप्रवासियों के खिलाफ एक रैली निकाली थी. इसका मुख्य निशाना पंजाबियों सहित सभी भारतीय लोग थे.
पुलिस के साथ झड़प
इस दौरान इनकी पुलिस के साथ झड़प भी हुई थी. फिर 2024 में ऑस्ट्रेलिया डे के मौके पर संगठन के सदस्यों ने काले कपड़े पहन नॉर्थ सिडनी रेलवे स्टेशन पर हंगामा किया था. इस दौरान पंजाबियों सहित वहां आने-जाने वाले सभी गैर-श्वेत लोगों को डराया और धमकियां भी दी थीं. साथ ही पंजाबियों की पगड़ी को लेकर भी संगठन द्वारा नस्लीय टिप्पणियां की गई थीं. इस दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया था. इसके बाद अगस्त 2025 में संगठन ने कई रैलियां निकालीं, जिसमें भारतीय और पंजाबियों की बढ़ती आबादी का डाटा दिखाकर लोगों में और सोशल मीडिया पर नफरत फैलाई गई.
अप्रवासियों का विरोध करते उन पर हिंसक हमला
31 अगस्त, 2025 को मेलबर्न के कैंप सॉवरेन्टी में भी संगठन द्वारा अप्रवासियों का विरोध करते उन पर हिंसक हमला किया गया. इस दौरान इस संगठन के सदस्यों ने लाठियों और डंडों से लोगों पर खासकर महिलाओं पर हमला किया था. इस हिंसा में महिला सहित 4 लोग घायल हो गए थे. इस हिंसा के बाद पुलिस ने न्यू नाजी के नेता थॉमस सेवेल को गिरफ्तार भी कर लिया था.
इसे भी पढ़ें. आर्थिक तंगी से जूझ रही मशहूर अभिनेत्री, इलाज के लिए बेची अपनी अवॉर्ड्स व ट्रॉफियां, इंडस्ट्री से लेकर फैंस तक भावुक