Nepal flood: 26 अगस्त को आई प्रलयकारी बाढ़ के बाद नेपाल अभी अपने पैरों पर खड़ा हुआ ही नही था कि एक बार फिर यहां प्राकृतिक आपदाओं ने अपना क्रूर रूप दिखाया है. दरअसल, पिछले 5 दिनों से लगातार बारिश के कारण आई बाढ़, लैंड स्लाइड, जलभराव, तेज हवाओं और बिजली गिरने जैसी आपदाओं से नेपाल में 27 लोगों की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए. इतना ही नही, पहाड़ों पर एवलांच (हिमस्खलन) आया है, बर्फ बाढ़ की तरह पहाड़ों पर टूटकर नीचे आ रहा और लोगों की जान ले रहा है.
नेपाल के हिमलुंग हिमाल में हिमस्खलन
बता दें कि रविवार को नेपाल के मनांग जिले के नार फू इलाके में 7,126 मीटर ऊंची हिमलुंग हिमाल चोटी के बेस कैंप पर हिमस्खलन हुआ, जिसका वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में ऐसा लग रहा है जैसे बर्फीली बाढ़ पहाड़ से नीचे आ रही है. ऐसे में सोमवार को भी हिमस्खलन वाली जगह से दो और शव बरामद किए गए, जिससे मरने वालों की संख्या चार हो गई है, जबकि आठ लोग अभी भी लापता हैं.
नेपाल के गंडकी प्रांत में भारी भूस्खलन
इसके अलावा रविवार को ही नेपाल के मनांग जिले में ही जबरदस्त भूस्खलन हुआ, जिससे मलबा मर्स्यांगडी नदी में जा गिरा और नदी का कुछ हिस्सा कुछ समय के लिए रुक गया. ऐसे में अधिकारियों ने नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की है. इतना ही नहीं, नेपाल से एक और खौफनाक वीडियो आया जिसमें कुछ ही सेकंड में पूरी चट्टान ढह गई और पेड़-मकान आंखों के सामने गायब हो गए. इस दौरान वीडियो में एक महिला को रोते और चिल्लाते हुए सुना जा सकता है.
नई आपदा में हजारों परिवार प्रभावित
इस बीच नेपाल के प्रधानमंत्री सचिवालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया कि सरकार के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 24 से 28 सितंबर तक लगातार बारिश के कारण 27 लोगों की मौत हो गई, 7 लोग घायल हो गए, जबकि चार लोग लापता हो गए. इन मॉनसून से जुड़ी 513 घटनाओं से 1,065 परिवार प्रभावित हुए. इन आपदाओं में 225 घर पूरी तरह और 137 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए.