Padma River Bus Accident: बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब ढाका जा रही एक बस दौलतदिया फेरी टर्मिनल पर नियंत्रण खो बैठी और सीधे पद्मा नदी में जा गिरी. हादसे के समय बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे. देखते ही देखते बस नदी में डूब गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
कैसे हुआ हादसा
यह घटना 25 मार्च की शाम करीब 5:15 बजे घाट नंबर 3 पर हुई. जानकारी के अनुसार, बस फेरी पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी एक छोटी फेरी पोंटून से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस सीधे नदी में गिर गई. हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग पानी में गिरने के बाद बचने के लिए संघर्ष करते दिख रहे हैं.
तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया. रस्सियों और कपड़ों की मदद से यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की गई. हालांकि बस करीब 30 फीट गहराई में डूब गई, जिससे कई यात्री अंदर ही फंस गए.
#WATCH | Dhaka, Bangladesh: Visuals from the spot where a passenger bus fell into the Padma River from a ferry. https://t.co/dRHXTZuZr4 pic.twitter.com/5rnqSsR9vI
— ANI (@ANI) March 25, 2026
सूचना मिलते ही फायर सर्विस, सिविल डिफेंस, रिवर पुलिस और फेरी प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं. रेस्क्यू वेसल तैनात किया गया और ढाका से अतिरिक्त गोताखोर बुलाए गए. अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की कि बस पानी के भीतर मिल गई है.
23 लोगों की मौत, कई अभी भी लापता
इस हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 10 यात्रियों को जिंदा बचा लिया गया है. मृतकों में राजबाड़ी की रेहाना बेगम और मरजीना बेगम भी शामिल हैं. बाकी लापता लोगों की तलाश जारी है.
घटनास्थल पर मार्मिक दृश्य
नदी किनारे परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोग अपने प्रियजनों की तलाश में बेसब्री से इंतजार करते नजर आए. कई परिवारों की आंखों में आंसू थे और उम्मीदें टूटती दिख रही थीं.
एक यात्री ने बताया कि उसने अपने परिवार को घर पर रहने को कहा था, लेकिन वे साथ आए और हादसे का शिकार हो गए. वहीं एक छोटा बच्चा अपने परिजनों का इंतजार करते हुए रोता दिखा, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया.