Pakistan: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स (ASF) के डिप्टी डायरेक्टर और कमांडिंग ऑफिसर वसीम अहमद को बीएलए ने हिरासत में ले लिया है. इसकी जानकारी खुद प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दी है. BLA के मुताबिक, एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स के अफसरों को कलात जिले के मेन हाईवे अगवा किया गया.
दरअसल, BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने अपने एक बयान में कहा कि वसीम अहमद पाकिस्तान के रक्षा मंत्रालय के अधीन काम करने वाली ASF में वरिष्ठ पद पर तैनात थे और अब संगठन की गिरफ्त में हैं. साथ ही उन्होंमे ये भी कहा है कि यह ऑपरेशन BLA की खुफिया शाखा’जिराब’ से मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर अंजाम दिया गया.
हथियारबंद लड़ाकों ने हाईवे पर रोक दी उनकी गाड़ी
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, वसीम अहमद किसी आधिकारिक काम से यात्रा कर रहे थे, तभी कलात के पास उनकी गाड़ी को हथियारबंद लड़ाकों ने रोक लिया. इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला. बाद में BLA ने खुद सामने आकर उनकी हिरासत का दावा किया.
झोब में थी वसीम अहमद की मौजूदा तैनाती
सूत्रों का कहना है कि वसीम अहमद की मौजूदा तैनाती झोब में थी. वह इससे पहले मुल्तान, कराची और पंजगुर जैसे इलाकों में भी सेवाएं दे चुके थे. डिप्टी डायरेक्टर बनने के बाद उनकी पोस्टिंग दोबारा कराची और फिर झोब में की गई थी. सुरक्षा हलकों में उन्हें अनुभवी अधिकारी माना जाता रहा है.

