भारत के अग्नि- 5 मिसाइल के परीक्षण से घबराया पाकिस्तान, क्षेत्रीय- वैश्विक शांति के लिए बताया खतरा

Delhi: भारत के अग्नि- 5 मिसाइल के सफल परीक्षण से पाकिस्तान घबरा गया है. पाकिस्तान जहर तो उगल रहा है, लेकिन अब बातचीत के लिए भी गिड़गिड़ाने लगा है. उसने इस परीक्षण को क्षेत्रीय और वैश्विक शांति व स्थिरता के लिए खतरा बताया है. भारत ने बुधवार को मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि- 5 का सफल परीक्षण किया था.

भारत का मिसाइल परीक्षण पूरे क्षेत्र की स्थिरता को करता है प्रभावित

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने कहा कि भारत का हथियारों का जखीरा और मिसाइल परीक्षण न केवल पाकिस्तान की सुरक्षा के लिए खतरनाक है बल्कि पूरे क्षेत्र की स्थिरता को प्रभावित करता है. वह शुक्रवार को अपनी साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर भारत के सैन्य विकास को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया. कहा कि, अग्नि- 5 जैसी अंतरमहाद्वीपीय मिसाइलों का परीक्षण भारत के बढ़ते सैन्य खतरे को दिखाता है, जो क्षेत्र से परे भी प्रभाव डालता है.

पाकिस्तान भारत के साथ सभी मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार

वहीं, दूसरी ओर पाकिस्तान के उप- प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि पाकिस्तान भारत के साथ सभी मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है, जिसमें कश्मीर भी शामिल है. उन्होंने इस्लामाबाद में संसद के बाहर पत्रकारों से कहा कि हम केवल कश्मीर पर नहीं, बल्कि सभी मुद्दों पर बातचीत चाहते हैं. डार ने पहले भी जुलाई में कहा था कि पाकिस्तान व्यापार से लेकर आतंकवाद तक हर क्षेत्र में भारत के साथ सहयोग को तैयार है. लेकिन, भारत ने कोई जवाब नहीं दिया.

आतंकवाद का समर्थन करने वाले देशों से बातचीत नहीं करेगा भारत

भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह पाकिस्तान के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है, लेकिन उससे पहले पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर POK और आतंकवाद का मुद्दा हल करना होगा. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में कहा था कि भारत आतंकवाद का समर्थन करने वाले देशों से बातचीत नहीं करेगा. उन्होंने पाकिस्तान पर आतंकवादियों को सैन्य सम्मान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि आतंकवाद की भाषा डर, खून और नफरत की होती है, न कि बातचीत की.

भारत ने बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि- 5 का किया था सफल परीक्षण

दरअसल, भारत ने बुधवार को मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि- 5 का सफल परीक्षण किया था. रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज से अग्नि- 5 का परीक्षण किया गया और यह मिसाइल सभी परिचालन एवं तकनीकी मापदंडों पर खरी उतरी.

इसे भी पढें. डोनाल्ड ट्रंप ने सर्जियो गोर को बनाया भारत में अमेरिका का राजदूत, कहा- बेहतरीन और शानदार साबित…

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version