पीएम मोदी आज इंडोनेशिया के राष्ट्रपति से करेंगे मुलाकात, रक्षा और समुद्री सहयोग समेत कई बड़े मुद्दों पर होगा फोकस

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

PM Modi indonesia visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय इंडोनेशिया में है, जहां वो राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर जोर रहेगा. खास तौर से रक्षा, समुद्री सहयोग, क्रिटिकल मिनरल्स, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है.

इस बैठक से पहले पीएम मोदी ने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के उस विशेष भाव की सराहना की, जिसमें उन्होंने खुद एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत किया. पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि राष्ट्रपति प्रबोवो का एयरपोर्ट पर स्वागत करने आना उनके लिए बहुत गर्मजोशी और भावनाओं से भरा था. उन्होंने कहा कि “साल 2018 में भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया गया था, जिसका लाभ दोनों देशों के लोगों को मिला है. इस दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो और मैं विभिन्न क्षेत्रों में इस साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए विस्तार से चर्चा करेंगे.”

राष्ट्रपति सुबियांतो ने पीएम मोदी का किया स्वागत 

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी सोमवार की दोपहर अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका स्वागत किया. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रक्षा और समुद्री सुरक्षा के अलावा क्रिटिकल मिनरल्स, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल इकोनॉमी में सहयोग बढ़ाने पर विशेष फोकस रहेगा. इसके साथ ही मई 2018 में स्थापित व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी.

इंडोनेशिया के सबसे बड़े मंदिर का दौरा करेंगे पीएम मोदी

बैठक के अलावा पीएम मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो इंडोनेशिया के योग्याकार्ता स्थित प्रम्बानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे. यह इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर परिसर है, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि यह यात्रा भारत और इंडोनेशिया के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगी. वह इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने को लेकर भी उत्साहित हैं.

भारत के इंडोनेशिया में राजदूत के अनुसार, इस दौरान दोनों नेता प्रम्बानन मंदिर परिसर के संरक्षण और पुनर्स्थापन (रेस्टोरेशन) कार्य की शुरुआत की भी घोषणा कर सकते हैं. इंडोनेशिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी उच्चस्तरीय बैठकों के लिए ऑस्ट्रेलिया और फिर न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे.

 

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version