Ottawa: कनाडा के ओंटारियो प्रांत में ड्यूटी के दौरान वाहन के टक्कर से भारतीय मूल के पुलिस अधिकारी की मौत हो गई, जबकि इसी हादसे में बुरी तरह से घायल उनके साथी की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. इधर, लुधियाना में तरूण बाली के निधन का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
ढाई साल पहले ही ज्वाइंन की थी डयूटी
जानकारी के मुताबिक, ओंटारियो प्रांतीय पुलिस (OPP) के अधिकारी कॉन्स्टेबल तरुण बाली लुधियाना से वरिष्ठ पत्रकार मुकेश गौतम की बड़ी बहन नीना बाली के छोटे बेटे थे. नंगल के शिवालिक एवेन्यू में रहने वाले अशोक बाली के छोटे बेटे तरूण बाली ने करीब ढाई साल पहले ही डयूटी ज्वाइंन की थी. अशोक बाली अपने परिवार के साथ नंगल छोड़ कर टोरंटों चले गए थे. करीब 2 साल पहले ही तरूण बाली की शादी कनाडा में रहने वाली पंजाबी मूल की लड़की कोमल के साथ हुई थी.
डफरिन डिटैचमेंट में तैनात
जानकारी के अनुसार, कॉन्स्टेबल तरुण बाली डफरिन डिटैचमेंट में तैनात थे और पिछले ढाई वर्षों से पुलिस सेवा में कार्यरत थे. वह इन दिनों जेम्स बे डिटैचमेंट के साथ विशेष ड्यूटी पर तैनात थे. मंगलवार दोपहर करीब 12:30 मिनट पर पुलिस टीम ओंटारियो के हर्स्ट क्षेत्र में केंडल कंसेशन रोड-7 और कंसेशन रोड-6 के पास एक जांच कर रही थी. इसी दौरान हुई घटना में कॉन्स्टेबल बाली गंभीर रूप से घायल हो गए.
टक्कर मारकर कॉन्स्टेबल बाली को किया घायल
उन्हें बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन बाद में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि मामले में 18 साल के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अस्पताल से फरार हुए एक 18 वर्षीय संदिग्ध ने कथित तौर पर वाहन से टक्कर मारकर कॉन्स्टेबल बाली को घायल किया. घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ओपीपी क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच जांच कर रही है.
पैथोलॉजी सर्विस सहयोग
जांच में ऑफिस ऑफ द चीफ कोरोनर और ओंटारियो फॉरेंसिक पैथोलॉजी सर्विस भी सहयोग कर रहे हैं. कॉन्स्टेबल बाली के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम और अन्य जांच के लिए टोरंटो स्थित चीफ कोरोनर कार्यालय ले जाया जाएगा. उनके सम्मान में आपातकालीन वाहनों का एक विशेष काफिला लगभग 10 घंटे की यात्रा के दौरान पार्थिव शरीर के साथ रहेगा.
इसे भी पढ़ें. Lucknow: खराब मौसम से हवाई यातायात प्रभावित, दिल्ली जा रहे तीन विमान लखनऊ डायवर्ट

