Quad Meeting:आज भारत पहुंचेंगे जापानी विदेश मंत्री, क्वाड बैठक में होंगे शामिल

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Quad Meeting: जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी आज दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचेंगे, जहां वो क्वाड के बैठक में शामिल होंगे. इसके अलावा वो भारत और जापान के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए आयोजित बैठक में भी शामिल होंगे. बता दें कि मोतेगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर क्वाड बैठक के प्रति खासा उत्साह व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि इसके नतीजे बेहतरीन होंगे.

विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी कार्यक्रम के अनुसार, मोतेगी 25-26 मई को भारत के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे और सोमवार शाम करीब 4:30 बजे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-3 पर पहुंचेंगे. इसके बाद शाम 7 बजे हैदराबाद हाउस में उनकी मुलाकात भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से होगी, जहां दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, आर्थिक सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

मोतोगी के दौरे के दूसरे दिन का क्या है शेड्यूल

वहीं, दौरे के दूसरे दिन यानी 26 मई को सुबह करीब 8:45 बजे क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की फैमिली फोटो सेशन का हिस्सा बनेंगे. इसके तुरंत बाद सुबह 9 बजे क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक शुरू होगी, जिसमें भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग, समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. इसके बाद सुबह 9:50 बजे संयुक्त प्रेस बयान जारी किया जाएगा.

दौरे के दौरान जापान के विदेश मंत्री शाम करीब 4:15 बजे प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यालय सेवा तीर्थ में पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे. माना जा रहा है कि इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को लेकर अहम बातचीत हो सकती है. फिलहाल, अपने सभी कार्यक्रमों के बाद जापानी विदेश मंत्री शाम 6 बजे भारत से रवाना होंगे.

भारत दौरे को लेकर मोतेगी काफी उत्साहित 

भारत दौरे को लेकर मोतेगी ने पोस्ट में लिखा कि “सोमवार से मैं भारत की राजधानी दिल्ली की यात्रा पर रहूंगा, जहां मैं जापान, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और भारत के विदेश मंत्रियों की बैठक (क्वाड) में भाग लूंगा. क्वाड एक ऐसा मंच है जिसके माध्यम से ये चारों देश, साझा मूल्यों के आधार पर, “मुक्त और खुला इंडो-पैसिफिक” (एफओआईपी) को साकार करने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाते हैं.

पहली क्वाड बैठक को मोतोगी ने किया याद 

क्वाड की पहली बैठक को याद करते हुए उन्होंने कहा कि “दरअसल, पहली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक सितंबर 2019 में आयोजित हुई थी, और उस समय मैंने भी विदेश मंत्री के रूप में इसमें भाग लिया था. टेलीफोन वार्ताओं सहित यह मेरी चौथी भागीदारी होगी और लगभग 5 वर्षों बाद मैं फिर से इस बैठक में शामिल हो रहा हूं.” इस दौरान मोतेगी ने उम्मीद जताई कि बैठक में, अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में हो रहे संरचनात्मक बदलावों के बीच, चारों देशों के विदेश मंत्री वैश्विक परिस्थितियों पर रणनीतिक और स्पष्ट विचार रखेंगे, ताकि हमारी सोच और दृष्टिकोण में बेहतर सामंजस्य स्थापित हो सके.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version