रूस का यूक्रेन की राजधानी कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से बड़ा हमला, चार की मौत, 27 घायल, 11 इमारतें क्षतिग्रस्त

Kyiv: रूस ने शुक्रवार को यूक्रेन पर बड़ा हमला किया है. इसमें चार लोगों की मौत हो गई. राजधानी कीव के कई जिलों में इमारतों में आग लग गई व मलबा बिखर गया. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि देश के अन्य क्षेत्रों में हुए इस हमले का निशाना कीव था. यूक्रेन के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. कीव के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि आपात दल ने कई हमलों का जवाब दिया और इस दौरान कम से कम 27 लोग घायल हो गए.

इस हमले में 430 ड्रोन और 18 मिसाइलों का इस्तेमाल

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि देश भर में हुए इस हमले में कम से कम 430 ड्रोन और 18 मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने बताया कि इस हमले का निशाना कीव था. जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि यह सुनियोजित हमला लोगों और नागरिकों को यथासंभव अधिक नुकसान पहुंचाने के लिए किया गया था. उन्होंने बताया कि इस्कंदर मिसाइल के टुकड़ों से अजरबैजान दूतावास क्षतिग्रस्त हो गया.

घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल

शहर में कई शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज सुनी गयी और हवाई सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय होने के बाद पंद्रह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर है. अधिकारियों ने बताया कि घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है. शहर के अधिकारियों ने चेतावनी दी कि बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित हो सकती है. दार्नित्स्की जिले में मलबा एक आवासीय इमारत के प्रांगण और एक शैक्षणिक संस्थान के परिसर में गिर गया. गिरते हुए मलबे की चपेट में आने से एक कार में आग लग गई.

पांच आवासीय और एक गैर-आवासीय भवन क्षतिग्रस्त

द्निप्रोव्स्की जिले में हमले के कारण तीन अपार्टमेंट, एक निजी घर और खुले क्षेत्र में आग लग गई. हमले से पोदिल्स्की जिले में पांच आवासीय और एक गैर-आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गए. शेवचेंकोव्स्की जिले में जलता मलबा गिरने से एक खुले क्षेत्र और गैर-आवासीय भवन में आग लगी. होलोसीव्स्की जिले में हमले की वजह से एक अस्पताल में आग लग गई और एक गैर-आवासीय भवन को नुकसान पहुंचा. देस्नियान्स्की और सोलोमियान्स्की जिलों में हमलों के बाद रिहायशी इमारतों में आग लग गई, वहीं सवियातोशिन्स्की जिले में एक निजी घर में आग लग गई.

हमलों से महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और घरों को पहुंचा नुकसान

क्षेत्रीय प्रमुख मायकोला कलाश्निक ने बताया कि कीव क्षेत्र में रूसी हमलों से महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और घरों को नुकसान पहुंचा, जिससे कम से कम एक नागरिक घायल हो गया. उन्होंने बताया कि बिला त्सेरकवा में 55 वर्षीय एक व्यक्ति को झुलसने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया.

इसे भी पढ़ें. Bihar Election Results: तीन चर्चित सीटों छपरा, अलीनगर और करगहर पर आया नया अपडेट, खेसारी, रितेश पांडेय और मैथिली पर क्या आया फैसला?

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version