रूस का यूक्रेन पर अब तक का सबसे भीषण हमला, 27 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, 9 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा घायल

Ukraine Russia War: रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे भीषण हमला किया है. रूस ने रातभर में 27 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, लेकिन यूक्रेन सिर्फ एक मिसाइल को ही मार गिरा सका. बाकी 26 मिसाइलों ने कीव समेत कई शहरों में भारी तबाही मचा दी. इस हमले में 9 लोगों की मौत हुई, जबकि 30 से ज्यादा घायल हो गए. वहीं जवाब में यूक्रेन ने भी काला सागर में रूस के एक विशाल कंटेनर जहाज को डुबो दिया.

देश के पास अब इंटरसेप्टर मिसाइलों की भारी कमी

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि देश के पास अब पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों की भारी कमी हो गई है. यही वजह है कि रूस लगातार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला कर रहा है. जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से अपील की कि पैट्रियट सिस्टम गोदामों में रखने के बजाय अभी यूक्रेन को दिए जाएं, क्योंकि हर इंटरसेप्टर लोगों की जान बचा सकता है. राजधानी कीव के अलावा सूमी, खारकीव और पोल्टावा क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया.

पुलिसकर्मी की भी मौत

हमले में एक 22 वर्षीय पुलिसकर्मी की भी मौत हो गई, जो लोगों को बचाने के दौरान दूसरी मिसाइल की चपेट में आ गया. इस हमले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि रूस की ओर से दागी गई 27 बैलिस्टिक मिसाइलों में से सिर्फ एक को ही यूक्रेन रोक पाया. बाकी लगभग सभी मिसाइलें अपने लक्ष्य तक पहुंच गईं. इससे साफ हो गया कि यूक्रेन का एयर डिफेंस सिस्टम कमजोर चुका है और पैट्रियट इंटरसेप्टर की कमी अब सीधे जानलेवा साबित हो रही है.

यूक्रेन ने काला सागर में बड़ा जवाब दिया

रूस के हमले के कुछ ही घंटों बाद यूक्रेन ने काला सागर में बड़ा जवाब दिया. राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दावा किया कि यूक्रेनी सेना ने रूस के प्रतिबंधित कंटेनर जहाज ‘यानिना’ को डुबो दिया. करीब एक लाख टन क्षमता वाला यह जहाज रूस की सप्लाई चेन और युद्ध संचालन के लिए अहम माना जाता था. जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन अब उन सभी ठिकानों और संसाधनों को निशाना बना रहा है, जो रूस की युद्ध मशीन को जिंदा रखे हुए हैं. उनके मुताबिक हमला यूक्रेन में डेवलप किए गए ‘मिडिल-स्ट्राइक’ हथियारों से किया गया.

सभी 17 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाया

कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक रूस की सरकारी परमाणु कंपनी रोसाटॉम ने भी माना कि जहाज काला सागर में दो यूक्रेनी नौसैनिक ड्रोन की टक्कर के बाद डूब गया. कंपनी के मुताबिक हमला नोवोरोसिस्क बंदरगाह से करीब 130 नॉटिकल मील दूर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुआ. रूस ने दावा किया कि जहाज पर सिर्फ नागरिक सामान, जैसे फ्रोजन फूड और निर्माण सामग्री थी और इस हमले को उसने ‘समुद्री डकैती’ बताया. हालांकि उसने यह भी कहा कि जहाज पर मौजूद सभी 17 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया.

इसे भी पढ़ें. ‘साजिश का हुआ शिकार, फिर से लौट रहा मेरा दौर’, अपने पुराने दिनों को याद कर भावुक हुए सोनू निगम

Latest News

Nepal: नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा के बाद हालात में सुधार, कई इलाकों से हटा कर्फ्यू

Nepal Violence: नेपाल में दो समुदायों में बवाल हो गया था. नेपाल के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में सांप्रदायिक...

More Articles Like This

Exit mobile version