ईरान ने नहीं किए सऊदी अरब की प्रमुख तेल पाइपलाइन पर हमले, ट्रंप के आरोप के बीच इराक का बड़ा बयान

Baghdad: इराक ने कहा है कि सऊदी अरब की एक प्रमुख तेल पाइपलाइन पर ईरान ने हमला नहीं किया था. ये हमले उसके क्षेत्र से किए गए थे. इराक सरकार ने कहा कि प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने ईरान की सीमा से लगे मैसान प्रांत की अभियान कमान की जांच के आदेश दिए और उसके कमांडर को पद से हटा दिया. अधिकारियों ने जांच में पाया कि सऊदी पाइपलाइन पर हमले इसी प्रांत से किए गए थे.

ट्रंप ने ईरान को ठहराया था जिम्मेदार 

दरअसल, सऊदी की तेल पाइपलाइन हमले के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को जिम्मेदार ठहराया था. इसी के जवाब में इराक का यह बयान आया है. सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने हमलों के लिए इराक से आए ड्रोन को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि वह जवाबी कार्रवाई नहीं करेगा, ताकि इराकी सरकार को आवश्यक कदम उठाने का अवसर मिल सके. ईरान युद्ध के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से पोतों की आवाजाही बाधित होने के बाद से ईस्ट-वेस्ट’ पाइपलाइन सऊदी अरब के तेल निर्यात के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो गई है.

सऊदी अरब का तेल निर्यात दोगुने से अधिक

अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) के अनुसार पाइपलाइन के अंतिम छोर पर स्थित लाल सागर के बंदरगाह से सऊदी अरब का तेल निर्यात दोगुने से अधिक हो गया है. क्षेत्रीय अधिकारियों ने एपी (एसोसिएटेड प्रेस) को बताया है कि हूतियों और इराकी मिलिशिया ने आपसी समन्वय से सऊदी अरब के तेल प्रतिष्ठानों पर हमले किए. पाइपलाइन पर हमले के बाद ट्रंप ने इसके पीछे ईरान का हाथ होने की आशंका जताई. जब ट्रंप से पत्रकारों ने सवाल किया कि क्या उन्हें लगता है कि ‘ईस्ट-वेस्ट’ पाइपलाइन पर हमले के पीछे ईरान था, उन्होंने कहा, ‘हां, मुझे लगता है कि वही है. शायद वही है.

केवल सऊदी से जुड़े पोतों को बना रहे हैं निशाना 

ट्रंप ने कहा कि उनके प्रशासन ने हूतियों के साथ ‘बातचीत की है’ लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि यह बातचीत कब हुई. उन्होंने कहा कि हूतियों ने हमें फोन किया और वे हमसे लड़ना नहीं चाहते. वे यही चाहेंगे कि हम इसमें शामिल न हों और वे ज्यादातर पोतों को गुजरने दे रहे हैं. हूतियों ने कहा है कि वे केवल पड़ोसी देश सऊदी अरब से जुड़े पोतों को निशाना बना रहे हैं. सऊदी अरब के युवराज के साथ हाल में हुई बातचीत के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा कि वह मेरे अच्छे मित्र हैं और मैं बस इतना कह सकता हूं कि सब कुछ बिल्कुल ठीक हो जाएगा. सब बहुत अच्छा होगा.

इसे भी पढ़ें. महिला एशिया कप 2026: फाइनल में भारत की श्रीलंका से आज होगी भिड़ंत, जानें कब, कहां और कैसे देखें LIVE

Latest News

India Renewable Energy: स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि, क्षमता 300 GW के पार; 2030 तक 530 GW का अनुमान

India Renewable Energy: भारत वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा बाजार में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है. देश में...

More Articles Like This

Exit mobile version