मिसाइल हमले से सऊदी में भारतीय युवक की मौत, दर-दर भटक रहा परिवार, नहीं हो रही सुनवाई!

Must Read

Sitapur: मिसाइल हमले में सऊदी अरब के रियाद शहर में भारतीय युवक रवि गोपाल की मौत हो गई, जो उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले का रहने वाला था. दावा किया जा रहा है कि महमूदाबाद थाना क्षेत्र के बघाइन गांव निवासी 26 वर्षीय रवि गोपाल एक मिसाइल हमले में मारा गया. यह खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. रवि घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था, जिसकी मौत की खबर ने पूरे गांव को सन्न कर दिया है.

बेटे का शव भारत लाने की गुहार

बेबस परिवार ने सरकार से बेटे का शव भारत लाने और आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है. घटना 18 मार्च की रात की बताई जा रही है. रवि रियाद की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम खत्म करने के बाद अपनी पत्नी रितु से फोन पर बात कर रहा था. सब कुछ सामान्य था लेकिन रात करीब 8.20 बजे अचानक फोन के पीछे से एक तेज धमाके की आवाज आई और कॉल कट गया.

परिवार को दी जानकारी

पत्नी ने बार-बार फोन मिलाया लेकिन रवि का मोबाइल बंद आता रहा. अगले दिन 19 मार्च को रवि के साथी रामनिवास यादव ने परिवार को फोन कर रोंगटे खड़े कर देने वाली जानकारी दी. उसने बताया कि रियाद में हुए मिसाइल हमले में रवि की जान चली गई है. फिलहाल रवि का शव वहां एक अस्पताल के फ्रीजर में रखा गया है. रवि गोपाल के कंधों पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी.

परिवार का कर्ज उतार सके

घर में बूढ़ी मांए पत्नी और भाई हैं. रवि की शादी साल 2020 में हुई थी. वह सितंबर 2025 में बहन की शादी निपटाकर वापस सऊदी अरब गया था ताकि मेहनत मजदूरी कर परिवार का कर्ज उतार सके और गरीबी दूर कर सके. रवि की मौत की खबर के दो दिन बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार दर-दर भटक रहा है.

मौके पर नहीं पहुंचा कोई प्रशासनिक अधिकारी

परिजनों का आरोप है कि यूपी 112 पर सूचना देने के बाद भी कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. अभी तक भारतीय एंबेसी या स्थानीय प्रशासन की ओर से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बेबस परिवार अब सरकार से गुहार लगा रहा है कि उनके बेटे का शव भारत लाया जाए और परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए.

इसे भी पढ़ें. क्या थमेगी ईरान जंग?: पश्चिम एशिया संकट के बीच ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- जंग रोकने पर कर रहे विचार

Latest News

आंखें खुली और शरीर सुन्न…सोते समय क्यों लॉक हो जाता है शरीर, जानिए क्या है स्लीप पैरालिसिस

Sleep Paralysis: सोचिए किसी रात में आपकी आंख खुले और आपको कमरे के आसपास की सभी चीजें महसूस हो,...

More Articles Like This