Spain Train Accident: स्पेन में लगातार हुए दो बड़े रेल हादसों के बाद परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते (Oscar Puente) ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है. मैड्रिड के दक्षिण में हुए भीषण हाई-स्पीड ट्रेन हादसे के छह दिन बाद मंगलवार को उन्होंने यह घोषणा की. इस दुर्घटना में 69 लोगों की जान चली गई थी.
पुएंते ने सांसदों के सामने कई घंटे तक चली सुनवाई के अंत में अपने इस्तीफे की जानकारी दी. गौरतलब है कि स्पेन के विशाल हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पर इस साल यह दूसरी जानलेवा ट्रेन दुर्घटना थी. लगातार हुए इन हादसों ने देश की रेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
दो बड़े हादसों के बाद पद पर बने रहना संभव नहीं: ऑस्कर पुएंते
परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि एक साल से भी कम समय में स्पेन जैसे देश में दो बड़े रेल हादसे होने के बाद किसी परिवहन मंत्री का पद पर बने रहना उचित नहीं है. उन्होंने कहा, “स्पेन जैसे देश में, एक साल से भी कम वक्त में दो हादसे होने के बाद कोई परिवहन मंत्री अपने पद पर नहीं बना रह सकता। यह राजनीतिक गरिमा और पीड़ितों के प्रति संवेदना का प्रश्न है.” बता दें कि 28 अक्टूबर को हुए हादसे में एक तेज रफ्तार ट्रेन पटरियों पर पहले से खड़ी दूसरी ट्रेन से जा टकराई थी.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना की वजह मैड्रिड-सेविले रेल लाइन पर सुरक्षा प्रणाली से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कम्युनिकेशन सिस्टम ठप होना था. इसके बाद मैड्रिड स्थित केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के कर्मचारियों ने संचालन की जिम्मेदारी संभाली और एक ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी, जबकि उसी ट्रैक पर दूसरी ट्रेन पहले से खड़ी थी.
जनवरी में हुए रेल हादसे में गई थी 46 लोगों की जान
स्पेन के मैड्रिड-सेविले रेलवे रूट पर इस साल यह दूसरा बड़ा हादसा था. इससे पहले जनवरी में इसी मार्ग पर दक्षिण दिशा में एक ट्रेन पटरी से उतर गई थी. इसके बाद विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ट्रेन उससे टकरा गई. इस दुर्घटना में 46 लोगों की मौत हो गई थी. उस हादसे की जांच अभी जारी है. लगातार दो बड़ी रेल दुर्घटनाओं ने स्पेन के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. ताजा हादसा ऐसे समय हुआ है, जब देश में राष्ट्रीय चुनाव होने में महज चार सप्ताह का समय बचा है. ऐसे में रेल सुरक्षा का मुद्दा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण हो गया है.
चीन के बाद स्पेन के पास दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क
स्पेन का हाई-स्पीड रेल नेटवर्क देश की प्रमुख उपलब्धियों में गिना जाता है. चीन के बाद स्पेन के पास दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क है. इसकी शुरुआत तीन दशक से भी पहले हुई थी और इस साल तक इस नेटवर्क पर कोई जानलेवा हादसा नहीं हुआ था. हालांकि, एक ही साल में हुई दो भीषण दुर्घटनाओं ने इस रिकॉर्ड और रेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मंगलवार को ऑस्कर पुएंते ने रेल नेटवर्क की सुरक्षा मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से उठाए जाने वाले अतिरिक्त कदमों की भी जानकारी दी. इनमें कंट्रोल सेंटरों की स्थिति और व्यवस्था में सुधार करना शामिल है. इसके अलावा सुरक्षा और सिग्नलिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ‘स्टैंडर्डाइज्ड यूरोपियन रेल ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम’ (ERTMS) को जल्द से जल्द लागू करने पर जोर दिया जाएगा.