जापान में शक्तिशाली तूफान ‘डुजुआन’ से भारी तबाही, दो की मौत और चार लापता, जमीन धंसने का भी बढ़ा खतरा

Tokyo: जापान में शक्तिशाली तूफान डुजुआन ने भारी तबाही मचाई है. टोक्यो के आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लापता है. तूफान के कारण करीब 50 हजार घरों की बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई. जापानी अधिकारियों के अनुसार, तूफान अब उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ते हुए जापान से दूर निकल गया है, जिसके बाद ज्यादातर इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनियों का स्तर कम कर दिया गया है.

जमीन के धंसने और नदियों के जलस्तर बढ़ने का खतरा

हालांकि लगातार हुई बारिश के कारण जमीन के धंसने और नदियों के जलस्तर बढ़ने का खतरा अभी बना हुआ है. कानागावा प्रांत के योकोसुका शहर में भूस्खलन के कारण एक घर में कीचड़ और मलबा घुस गया, जिसमें 60 वर्ष की एक महिला की मौत हो गई. चिबा प्रांत में भी एक व्यक्ति की मौत हुई है. अधिकारियों और बचाव दलों ने भूस्खलन प्रभावित इलाकों में तलाशी अभियान जारी रखा है. कानागावा के मियूरा शहर में भी भूस्खलन से मकान प्रभावित हुए.

भूस्खलन के बाद चार लोग लापता

बचाव दल मलबे को हटाकर लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं. स्थानीय मीडिया के अनुसार, भूस्खलन के बाद चार लोग लापता बताए जा रहे हैं. चिबा प्रांत के सोदेगाउरा शहर में सड़क की मरम्मत का काम कर रहे 51 वर्षीय एक व्यक्ति की भी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, भूस्खलन की चपेट में आने से वह जिस भारी मशीन को चला रहे थे, उसके साथ मलबे में दब गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई.

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह

तूफान के कारण टोक्यो और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई थी. जापान के फायर एंड डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के अनुसार, सोमवार को टोक्यो और आसपास के क्षेत्रों में 16 लाख से अधिक लोगों को निकासी की सलाह दी गई थी. यह अनिवार्य आदेश नहीं था. इजु ओशिमा में बारिश ने रिकॉर्ड कायम किया.

48 घंटे में 832 मिलीमीटर बारिश दर्ज

जापान के सार्वजनिक प्रसारक एनएचके के अनुसार, 48 घंटे में वहां 832 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सितंबर की पूरे महीने की औसत बारिश से दोगुने से भी अधिक है. टोक्यो के एडोगावा वार्ड में 24 घंटे के दौरान 282.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो वहां का रिकॉर्ड है. भारी बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं. चिबा और कांतो क्षेत्र में बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया. कई वाहन पानी में फंस गए. अधिकारियों ने लोगों से जलभराव वाली सड़कों और भूमिगत स्थानों से दूर रहने की अपील की.

करीब 50 हजार घर बिजली से वंचित

तूफान का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा. मंगलवार सुबह तक चिबा समेत आसपास के इलाकों में करीब 50 हजार घर बिजली से वंचित थे. बिजली कंपनियों और स्थानीय प्रशासन की टीमें आपूर्ति बहाल करने के काम में जुटी हुई थीं. तूफान ने जापान की परिवहन व्यवस्था को भी बुरी तरह प्रभावित किया. जापान एयरलाइंस ने 135 उड़ानें रद्द कीं, जबकि ऑल निप्पॉन एयरवेज ने 140 उड़ानें रद्द कीं. इसके अलावा टोक्यो और आसपास के क्षेत्रों में कई रेल सेवाओं को रोकना या सीमित करना पड़ा.

इसे भी पढ़ें. Rajya Sabha Election: यूपी, उत्तराखंड और बंगाल में राज्यसभा चुनाव का ऐलान, जानें कब होगी वोटिंग और मतगणना

Latest News

‘बाप’ वाले बयान पर खरगे से माफी की मांग, दिल्ली-पटना से लेकर बेंगलुरु में BJP का प्रदर्शन

Mallikarjun Kharge Remark: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में बीजेपी...

More Articles Like This

Exit mobile version